नांदगांव बखारी से मेहंदी नयाकुंड जोड़ मार्ग पर आवागमन दुभर, स्थायी मरम्मत की उठी मांग
लोकवाहिनी, संवाददाता
पारशिवनी। बखारी – मेहंदी नयाकुंड मार्ग की बदहाल स्थिति से परेशान ग्रामीणों ने पारशिवनी जोड़ मार्ग पर स्वयं ही सड़क के गड्ढे भरकर प्रशासन की उदासीनता के खिलाफ अनोखा विरोध दर्ज कराया। वर्षों से जर्जर पड़े इस मार्ग की मरम्मत नहीं होने से ग्रामीणों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से सड़क की तत्काल एवं स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, बखारी से मेहंदी नयाकुंड से पारशिवनी महामार्ग को जोड़ने वाला लगभग आधा किलोमीटर लंबा सड़क मार्ग निर्माण के समय ठीक से नहीं बनाया गया, इसलिए पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही जोखिम भरी हो गई है। यही मार्ग राष्ट्रीय महामार्ग नांदगांव फाटे से बखारी – मेहंदी नयाकुंड से पारशिवनी आमड़ी मार्ग को जाता है। यह रोड नागरिकों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग होने के कारण प्रतिदिन सैकड़ों लोगों को इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही सड़क की स्थायी मरम्मत नहीं कराई गई तो वे जनआंदोलन शुरू करने को विवश होंगे। उन्होंने प्रशासन से बरसात के मौसम को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर सड़क का पुनर्निर्माण कर क्षेत्रवासियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।









