निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की
लोकवाहिनी संवाददाता
चंद्रपुर। अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर की दानराशि और दानपेटी के कथित दुरुपयोग के आरोपों को लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस और महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर सोमवार को चंद्रपुर जिला कांग्रेस कमेटी ने अचलेश्वर मंदिर परिसर के बाहर ‘रघुपति राघव राजा राम सत्याग्रह’ आयोजित किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
सत्याग्रह महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के संदेश के साथ शांतिपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिभा धानोरकर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सुभाष धोटे, विधायक एडवोकेट अभिजीत वंजारी, विधायक सुधाकर अडबाले, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवा राव पोलशेट्टी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहे। सत्याग्रह के दौरान भगवान श्रीराम का पूजन-अर्चन किया गया तथा ‘रघुपति राघव राजा राम’ और अन्य भजनों का गायन हुआ। उपस्थित लोगों ने प्रार्थना की कि भगवान श्रीराम के नाम पर श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित दान के प्रबंधन में पूरी पारदर्शिता बनी रहे, श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान सुरक्षित रहे और यदि किसी प्रकार की अनियमितता हुई हो तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। कांग्रेस ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं, इसलिए उनके नाम पर प्राप्त दान के प्रबंधन में पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही और जनता का विश्वास बनाए रखना आवश्यक है। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और नागरिकों की मौजूदगी में सत्याग्रह शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।
प्रबंधन में कथित अनियमितताएं
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में नकद राशि, सोना और चांदी के रूप में प्राप्त दान के प्रबंधन में कथित अनियमितताएं हुई हैं। पार्टी ने इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। साथ ही कांग्रेस ने इस मुद्दे पर केंद्र और राज्य सरकार की कथित चुप्पी पर भी नाराजगी जताई। कार्यक्रम का समापन ‘पसायदान’ के पाठ के साथ किया गया। सत्याग्रह के बाद कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने चंद्रपुर शहर पुलिस थाने पहुंचकर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी अनिल मिश्रा तथा कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरी के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कथित वित्तीय अनियमितताओं की विस्तृत जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।












