फंदा लगाने की कोशिश कर रहा था युवक
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। कलमना थाना क्षेत्र में डायल 112 की तत्परता और पुलिसकर्मियों की सूझबूझ से 27 वर्षीय युवक की जान बचा ली गई. युवक ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर आत्महत्या करने की कोशिश की थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और नागरिकों की मदद से दरवाजा तोड़कर युवक को सुरक्षित बाहर निकाला.
पुलिस के अनुसार, घटना 1 सितंबर की सुबह करीब 10.20 बजे धरम नगर क्षेत्र में हुई. डायल 112 पर सूचना मिली थी कि 27 वर्षीय युवक ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया है और आत्महत्या करने की कोशिश कर रहा है. सूचना मिलते ही बीट मार्शल एचसी संदेश शुक्ला और पीसी ठाकुर आडे तत्काल मौके पर पहुंचे. पुलिसकर्मियों ने स्थिति का जायजा लिया तो युवक पंखे से रस्सी और कपड़े के सहारे फंदा लगाने की कोशिश कर रहा था. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने आसपास मौजूद नागरिकों की मदद ली और घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया. पुलिस ने समय रहते युवक को फंदा लगाने से रोक दिया और उसे सुरक्षित बाहर निकाला. पुलिसकर्मियों की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई. इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल ने बीट मार्शल एचसी संदेश शुक्ला और पीसी ठाकुर आडे को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया. पुलिस की तत्परता और डायल 112 की त्वरित प्रतिक्रिया से युवक की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका रही.













