लोकवाहिनी, संवाददाता:नागपुर। महाराष्ट्र पुलिस विभाग में उत्कृष्ट सेवा देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को इस वर्ष पुलिस महासंचालक सम्मानचिह्न और प्रमाणपत्र से सम्मानित किया जाएगा। बुधवार (29 अप्रैल) की रात विभाग द्वारा इसकी आधिकारिक सूची जारी की गई। इस सूची में शहर के यातायात विभाग के पुलिस उपायुक्त लोहित मतानी, परिमंडल-5 के पुलिस उपायुक्त निकेतन कदम और सहायक पुलिस आयुक्त विलास शेंडे सहित कुल 40 अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं।
हर वर्ष यह सम्मान अपराधों के सफल खुलासे, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन और जनसंपर्क में उत्कृष्ट कार्य के आधार पर दिया जाता है। इस वर्ष चयनित अधिकारियों में ग्रामीण पुलिस विभाग के उपविभागीय अधिकारी रमेश बरकते, कलमना थाने के पुलिस निरीक्षक प्रवीण काले, नंदनवन के कैलास देशमाने, विनायक कोली, बेलतरोड़ी के मुकुंद कवाडे, अपराध शाखा की शुभांगी देशमुख, आर्थिक अपराध शाखा के रमेश टाले और साइबर पुलिस थाने के योगेश घारे शामिल हैं।
इसके अलावा सदर थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक निलेश पिंफलशेंडे, दो पुलिस उपनिरीक्षक, क्षेत्रीय परिवहन विभाग के एक उपनिरीक्षक, 11 सहायक उपनिरीक्षक, हवलदार स्वप्नील बड़े सहित अन्य हवलदार और छह सिपाहियों को भी इस सम्मान से नवाजा जाएगा। पुलिस विभाग ने सभी चयनित अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके कार्यों को प्रेरणादायक बताया है।








