मुंबई। अमेरिका एवं इजराइल के ईरान के साथ संघर्ष के कारण संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में फंसे महाराष्ट्र के कुल 164 पर्यटक दो उड़ानों से स्वदेश लौट आए हैं। शिवसेना के एक पदाधिकारी ने बुधवार को बताया कि पश्चिम एशिया में जारी युद्ध की वजह से संयुक्त अरब अमीरात में फंसे महाराष्ट्र के 164 पर्यटक सुरक्षित घर लौट आए हैं। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण ये लोग वहां फंस गए थे।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने इन लोगों की वापसी के लिए दो विशेष विमानों का इंतजाम किया था। मंगलवार रात दो विमान मुंबई हवाई अड्डे पर उतरे। पहले विमान में 76 और दूसरे में 88 पर्यटक सवार थे। इनमें पुणे के इंदिरा स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज के 84 छात्र शामिल हैं। बाकी लोग ठाणे, अहिल्यानगर और पुणे के रहने वाले हैं।
शिंदे के कार्यालय ने बताया कि ये विमान मंगलवार दोपहर को यूएई के फुजैरा एयरपोर्ट से मुंबई के लिए रवाना हुए थे। एकनाथ शिंदे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर पोस्ट साझा की। उन्होंने कहा कि शिवसेना दुबई में फंसे महाराष्ट्र के लोगों को वापस लाने में सफल रही है। उन्होंने इस काम के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व की तारीफ की।
शिंदे ने कहा कि मुश्किल समय में फंसे लोगों को राहत देकर उन्हें बहुत संतुष्टि मिली है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने यूएई से लौटने वाले यात्रियों की अगवानी और समन्वय की जिम्मेदारी पार्टी के तीन विधायकों—मुरजी पटेल, दिलीप लांडे और मंगेश कुडालकर को सौंपी थी। ये सभी विधायक हवाई अड्डे पर मौजूद रहे और यात्रियों का स्वागत किया।
वहीं वतन वापसी करने वाले लोगों ने बताया कि उन्होंने भारत आकर राहत की सांस ली है। एक महिला ने कहा कि वहां उन्हें बहुत तकलीफ हो रही थी, यहां आकर बहुत खुशी हो रही है। उन्होंने कहा, “एकनाथ शिंदे ने भाई जैसा साथ दिया, जिसका मैं बहुत धन्यवाद देती हूँ।”
वहीं दूसरे यात्री ने कहा, “मेरे पास भारत आने का कोई सहारा नहीं था, लेकिन जब मैंने एकनाथ शिंदे से बात की, तो उन्होंने हमारे लिए एक विशेष चार्टर्ड विमान की व्यवस्था की। साथ ही यह भी कहा कि आपको जो भी पैसे की या रहने की मदद हो (वो हम करेंगे)। उन्होंने जैसा बोला वैसा किया, एक दिन में चार्टर्ड विमान भेज दिया और हम अच्छी तरह से भारत वापस आए।” एक अन्य यात्री ने बताया कि उन्हें सरकारी दफ्तर से फोन आया, जिसके बाद एकनाथ शिंदे ने उनसे सीधी बात की और कहा कि डरने की कोई ज़रूरत नहीं है, वो उनके साथ हैं।









