महाराष्ट्र के नाशिक जिले के येवला शहर में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक के बीच एक और चिंताजनक घटना सामने आई है। यहां एक बुजुर्ग नागरिक पर पांच से छह आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद इलाके में डर और दहशत का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार, येवला शहर के एक इलाके में सुबह के समय एक बुजुर्ग नागरिक सड़क से गुजर रहे थे। तभी अचानक पांच से छह आवारा कुत्तों ने उन्हें घेर लिया और उन पर हमला कर दिया। कुत्तों के झुंड ने बुजुर्ग को गिरा दिया और उन्हें काटकर घायल कर दिया। आसपास के लोगों ने शोर मचाकर किसी तरह कुत्तों को भगाया और बुजुर्ग को बचाया।
घटना के तुरंत बाद घायल बुजुर्ग को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
इस पूरी घटना का वीडियो पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। वीडियो सामने आने के बाद शहर में आवारा कुत्तों के बढ़ते खतरे को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि येवला शहर में पिछले कुछ समय से आवारा कुत्तों की संख्या तेजी से बढ़ी है। कई बार प्रशासन को शिकायत देने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है, जिससे लोगों में नाराजगी है।
इस मामले में शिवसेना के उपजिल्हा प्रमुख अमोल शिंदे ने भी प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही आवारा कुत्तों के आतंक पर नियंत्रण नहीं किया गया तो आने वाले समय में ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं।









