लोकवाहिनी संवाददाता,चंद्रपुर। पूर्व मंत्री एवं विधायक सुधीर मुनगंटीवार ने 2029 में चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र से दोबारा चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। उनके इस बयान के बाद एक बार फिर क्षेत्र के परिसिमन (Delimitation) को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
मुनगंटीवार ने कहा कि वे लगातार 15 वर्षों तक चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। परिसिमन के कारण उन्हें बल्लारपुर जाना पड़ा, लेकिन वे खुद को आज भी चंद्रपुर का ही विधायक मानते हैं। उन्होंने बताया कि 2027 में प्रस्तावित परिसिमन के बाद वे 2029 में पुनः चंद्रपुर लौटेंगे। इस संबंध में उनकी देवेंद्र फडणवीस से चर्चा भी हो चुकी है।
यह बयान 19 मार्च को पत्रकार गृहनिर्माण सहकारी संस्था के भवन निर्माण के भूमिपूजन कार्यक्रम में सामने आया, जहां पूर्व सांसद नरेश पुगलिया भी उपस्थित थे। कार्यक्रम में मुनगंटीवार ने ‘मैं फिर वापस आऊंगा’ कहकर अपने इरादे स्पष्ट किए।








