नागपुर:नागपुर जिले के पारशिवनी तहसील अंतर्गत कन्हान क्षेत्र के टेकाड़ी सीमा इलाके में गेहूं की फसल में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। इस आगजनी में लगभग 65 से 75 एकड़ में खड़ी फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेकाड़ी क्षेत्र के खेतों में अचानक अज्ञात कारणों से आग भड़क उठी। तेज हवा और प्रतिकूल परिस्थितियों के चलते आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते बड़े इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही कन्हान पुलिस के साथ-साथ कन्हान, कांद्री और कामठी के अग्निशमन दल मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक व्यापक नुकसान हो चुका था। इस हादसे में कई किसानों की महीनों की मेहनत पलभर में जलकर खाक हो गई। गेहूं की तैयार फसल के नुकसान से प्रभावित किसानों पर आर्थिक संकट गहराने की आशंका है। स्थानीय किसानों ने बताया कि यह फसल ही उनके जीवनयापन का मुख्य आधार थी, जो अब पूरी तरह नष्ट हो चुकी है।
घटना के बाद पीड़ित किसानों ने प्रशासन और राज्य सरकार से तत्काल मुआवजे की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय पर सहायता नहीं मिली तो उनके सामने आर्थिक और खाद्य संकट खड़ा हो सकता है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।







