लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। आज से अगले दस दिनों तक घर-घर में गणपति बप्पा की पूजा-अर्चना शुरू हो जाएगी। श्रद्धालु बड़े उल्लास के साथ भगवान गणेश की पूजा करते हैं। कोई भी शुभ कार्य से पहले गणपति की पूजा की जाती है। श्रद्धालु घर में विधि विधान के साथ गणेश प्रतिमा की स्थापना करेंगे। इसके बाद दस दिनों तक उनकी पूजा की जाएगी। जिले के कई स्थानों पर भी पंडाल लगाकर गणेश महोत्सव मनाया जाएगा।
बाजारों में गणेशोत्सव का उत्साह
बाजारों में गणेशोत्सव का उत्साह नजर आ रहा है। बच्चे गणपति बप्पा को घर लाने के लिए आकर्षक प्रतिमाओं को पसंद कर रहे हैं। अनेक चौराहे पर स्थित गणेशोत्सव में भीड़ नजर आ रही है। गणेश मंडप सजाने के लिए फूल, केले के पत्ते, आम के पत्ते, अशोक के पत्ते, कमल के फूल भी मिल रहे हैं। ढोल-तासे वाले नजर आ रहे हैं।
मंदिर भी सजे
शहर में टेकड़ी गणेश, अदासा सहित सभी गणेश मंदिर में आकर्षक विद्युत सजावट की गई है। मंदिर में श्रीजी के दर्शनों का सिलसिला सोमवार की सुबह से शुरू हो जाएगा।
नागपुर के राजा’ का भव्य स्वागत, उमड़ा आस्था का सैलाब
विदर्भ के प्रमुख आकर्षणों में शुमार और नागपुर की शान माने जाने वाले ‘नागपुर के राजा’ की भव्य और आकर्षक शोभायात्रा ने शहर के माहौल को पूरी तरह भक्तिमय कर दिया है। जैसे ही ‘नागपुर के राजा’ की प्रतिमा का आगमन हुआ, मार्ग के दोनों ओर खड़े हजारों श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया।
गणेशजी का आगमन, कई मार्ग डायवर्ट
गणेशजी के आगमन के दिन शहर भर में भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए, नगर पुलिस आयुक्त कार्यालय की यातायात शाखा ने महल और चितारओली क्षेत्रों में विशेष यातायात नियम लागू हैं ताकि नागपुर निवासियों को यातायात जाम का सामना न करना पड़े। बड़कस चौक से यातायात एकतरफा रहेगा। भावसर चौक से चितारओली होते हुए बड़कस चौक तक यातायात पूरी तरह से बंद रहेगा। यातायात जाम से बचने के लिए, शहर के परिवहन विभाग ने वैकल्पिक मार्गों की योजना बनाई है, और वाहन चालकों को निम्नलिखित मार्गों का उपयोग करना चाहिए। भावसर चौक से चितारओली होते हुए बड़कस चौक जाने वाले वाहनों को अब भावसर चौक से गांधी पुतला चौक और फिर बड़कस चौक होते हुए जाना होगा। बड़कस चौक से शहीद चौक और शहीद चौक से बड़कस चौक के बीच गांधी पुतला चौक से यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। बड़कस चौक से आने वाले वाहनों को चिटनिस पार्क होते हुए अग्रसेन चौक की ओर मोड़ दिया गया है। शहीद चौक से आने वाले वाहनों को दारोडकर चौक की ओर मोड़ दिया गया है। घटनास्थल पर तैनात यातायात अधिकारियों को आवश्यकतानुसार, संभावित भीड़ या यातायात जाम को ध्यान में रखते हुए, समय पर और सही दिशा में यातायात मोड़ने का पूरा अधिकार दिया गया है। नागपुर नगर पुलिस ने गणेशोत्सव के पहले दिन महल और चितार ओली क्षेत्रों में आने वाले सभी नागरिकों, श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से पुलिस प्रशासन के साथ पूर्ण सहयोग करने की अपील की है। उनसे अनुरोध है कि वे आदेशों और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें, सड़कों को भीड़भाड़ से मुक्त रखें और शांतिपूर्ण वातावरण में प्रिय लंबोदर गणेश का उत्साहपूर्वक स्वागत करें।
गूंजा ‘गणपती बाप्पा मोरया’ का जयघोष
उपराजधानी नागपुर समेत पूरे विदर्भ में गणेशोत्सव को लेकर इन दिनों अभूतपूर्व उत्साह, उमंग और आस्था का माहौल बना हुआ है। अकोला, अमरावती, वर्धा, भंडारा, गोंदिया, चंद्रपुर और गडचिरोली तक पूरे विदर्भ संभाग में जगह-जगह घर-घर और सार्वजनिक मंडलों में विघ्नहर्ता भगवान गणेश की प्रतिमाओं की आगवानी का सिलसिला पूरे शबाब पर है। ढोल-ताशों की गूंज, पारंपरिक नृत्यों और आतिशबाजी के बीच भक्त अपने आराध्य को ससम्मान अपने पांडालों और घरों में लेकर पहुंच रहे हैं।
भगवान गणेशजी के साथ पधारे भगवान वरुण
भगवान गणेश के आगमन के साथ ही विदर्भ के कई हिस्सों में बारिश हो रही है और 13 सितंबर की जिले के विभिन्न भागों में लगातार बारिश जारी है। पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी से परेशान नागरिकों को इस बारिश से कुछ राहत मिली है। वहीं, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र का असर राज्य के मौसम पर दिखने लगा है और आने वाले दिनों में बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव क्षेत्र बनने के कारण राज्य में बारिश की तीव्रता बढ़ेगी। कुछ इलाकों में तेज हवाओं, गरज और बिजली के साथ भारी बारिश की संभावना है।
बाप्पा के स्वागत के साथ बारिश
वरुणराजा भी भगवान गणेश के स्वागत में शामिल होने की छवि देखने को मिल रही है। हालांकि, बारिश के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए, गणेश भक्तों सहित नागरिकों को सतर्क रहने की जरूरत है। विशेष रूप से मंडप सजाते समय सुरक्षा उपाय करने और बिजली गिरने के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की गई है।













