अस्पताल में भर्ती छात्राएं, हालत स्थिर
गोंदिया:गोंदिया में स्थित शासकीय नर्सिंग कॉलेज की 45 छात्राओं को भोजन से कथित रूप से विषाक्तता (फूड पॉइजनिंग) होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह कॉलेज जिला सामान्य अस्पताल परिसर में, बाई गंगाबाई महिला अस्पताल के अंतर्गत संचालित होता है, जहां लगभग 185 छात्राएं रहकर नर्सिंग का प्रशिक्षण ले रही हैं।
जानकारी के अनुसार, सभी छात्राओं ने रात में कॉलेज के कैंटीन में भोजन किया था। इसके बाद देर रात और सुबह के समय कुछ छात्राओं को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत होने लगी। प्रारंभ में 2-3 छात्राओं को तुरंत गव्हर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। इसके बाद गुरुवार सुबह अचानक 45 छात्राओं में इसी तरह के लक्षण दिखाई देने लगे, जिससे स्थिति गंभीर हो गई।
प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए सभी प्रभावित छात्राओं को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, सभी छात्राओं की हालत फिलहाल स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।
इस घटना के बाद कॉलेज प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने कैंटीन के भोजन की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर भोजन से विषबाधा की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं, ताकि घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।









