आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया
नागपूर :नागपूर में मारपीट और अभद्र व्यवहार का एक गंभीर मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता शेख इरफान अपने परिवार के साथ पारडी क्षेत्र में एक कार्यक्रम के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उनके घर के सामने रहने वाला आरोपी शेख समीर इलियास शेरा अपनी दोपहिया वाहन लेकर आया और उनकी कार के सामने गाड़ी आड़े खड़ी कर दी।
बताया गया कि आरोपी ने पहले गाली-गलौज शुरू की। जब इरफान ने गाड़ी का शीशा नीचे कर समझाने की कोशिश की, तो आरोपी ने उन पर हमला कर दिया और चेहरे व नाक पर जोरदार प्रहार किया, जिससे उनकी नाक की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया।
घटना के बाद आरोपी ने शिकायतकर्ता के घर के सामने जाकर उनकी रिश्तेदार महिला के साथ भी अश्लील गाली-गलौज की और अभद्र हरकत करने का प्रयास किया। इस घटना के बाद पुलिस में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी का पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।








