4 आरोपी गिरफ्तार, संगठित गिरोह का पर्दाफाश
1.40 लाख का सोना बरामद, पुलिस की बड़ी कार्रवाई
अपराध शाखा की टीम की सतर्कता से सुलझा मामला
नागपुर:नागपुर पुलिस की अपराध शाखा के पुलिस एंटी-गोल्ड चेन थेफ्ट स्क्वाड के चोरी विरोधी दस्ते ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए बस में हुई मंगलसूत्र चोरी के मामले का पर्दाफाश कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह घटना 14 फरवरी 2026 की है, जब गिट्टीखदान थाना क्षेत्र के बोरगांव निवासी 66 वर्षीय मनोरमा आदम अपने अपंग पति और नातिन के साथ स्टार बस से कन्हान-कांद्री की ओर जा रही थीं। इसी दौरान बिशप कॉटन स्कूल बस स्टॉप से मंगलवारी चौक राजभवन बस स्टॉप के बीच किसी अज्ञात चोर ने उनके बैग से पर्स चोरी कर ली। पर्स में नकदी और सोने के आभूषण सहित कुल 60,500 रुपये का सामान था।
शिकायत के आधार पर सदर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इसके बाद अपराध शाखा की टीम ने तकनीकी और खुफिया जानकारी के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों—मंजु हातागले , सुहानी हातागले , सुरेखा लोंढे और सुनील काटोले—को अजनी क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने संगठित रूप से चोरी करने की बात कबूल की।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 10 ग्राम सोने के आभूषण , जिसकी कीमत लगभग 1.40 लाख रुपये है, बरामद की है। सभी आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित थाने को सौंप दिया गया है।
यह कार्रवाई नागपुर पुलिस आयुक्तालय के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई, जिसमें अपराध शाखा की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।










