वॉशिंगटन डीसी/तेहरान:अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार को कहा कि ईरान ने सीजफायर (युद्धविराम) का अनुरोध किया है। इस पर हमने साफ कह दिया है कि होर्मुज स्ट्रेट के पूरी तरह से खुलने और सुरक्षित होने पर ही इस पर विचार किया जाएगा। ट्रम्प ने कहा कि अगर ईरान होर्मुज नहीं खोलता है तो उसे पूरी तरह से तबाह कर देंगे या यूँ कहें कि उसे पाषाण युग में वापस भेज दिया जाएगा।
वहीं ईरान ने ट्रम्प के इस दावे को खारिज कर दिया। ईरान ने कहा है कि उन्होंने अमेरिका से सीजफायर की अपील नहीं की है। वे खुद बातें बना रहे हैं। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने ट्रम्प के उस बयान को ‘झूठा और निराधार’ बताया है। ईरान ने कहा कि ट्रम्प अपने बयान की आड़ में बहुत कुछ छिपा रहे हैं—ट्रम्प अमेरिकी सैनिकों की मौत की बात छिपा रहे हैं। अमेरिकी सैनिकों के परिजनों को इस बारे में ट्रम्प से पूछना चाहिए। ईरान इससे पहले भी ट्रम्प के कई दावों को खारिज करता रहा है।
इसी बीच ईरानी शासन ने अमेरिका को बड़ी धमकी दी है। ईरान ने कहा है कि अगर अमेरिकी सेना ईरान में घुसती है तो वह वापस लौटकर नहीं जाएगी। वहीं इससे पहले ट्रम्प ने दावा करते हुए कहा था कि अमेरिका की सेना जल्द ही ईरान से बाहर निकल आएगी।
ट्रम्प ने कहा, “मुझे बस ईरान से निकलना है और हम बहुत जल्द ऐसा करेंगे। इसके बाद वे खुद ही गिर जाएंगे। आज शेयर बाजार लगभग रिकॉर्ड स्तर पर पहुँच गया, क्योंकि उन्हें दो बातें पता हैं। पहली, हमारा देश सुरक्षित है। हमें थोड़ा रास्ता (तरीका) बदलना पड़ा, क्योंकि हमारे पास खामनेई नाम का एक पागल व्यक्ति था, जो अब हमारे बीच नहीं है। हमने पहले शासन परिवर्तन कर लिया है। हमने एक शासन को हराया, फिर दूसरे को हराया। अब हमारे पास ऐसे लोगों के समूह हैं, जो ज्यादा पक्ष में हैं।”







