लोकविहारी, संवाददाता:हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले में सुरक्षा बलों के साथ हुई एक मुठभेड़ में चार माओवादी मारे गए। झारखंड में कोबरा बटालियन, चतरा और हजारीबाग पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान 15 लाख के इनामी माओवादी सब-जोनल कमांडर शाहदेव उर्फ शाहदेव महतो सहित चार नक्सली को मार गिराया। इस ऑपरेशन के बाद पूरे इलाके में सर्च अभियान तेज कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, झारखंड पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि चतरा और हजारीबाग की सीमा पर नक्सलियों का एक दल सक्रिय है। इसी सूचना के आधार पर चतरा के पिपरवार और हजारीबाग के केरेडारी थाना क्षेत्र के बटका जंगल में सुरक्षाबलों ने घेराबंदी कर संयुक्त अभियान शुरू किया। सुरक्षाबलों को देखते ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में पुलिस और कोबरा बटालियन के जवानों ने भी मोर्चा संभाला। दोनों तरफ से कई घंटों तक चली मुठभेड़ में चार नक्सली मौके पर ही ढेर हो गए। बताया जा रहा है कि कुछ अन्य नक्सली घायल होकर भाग निकले, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
मारे गए नक्सलियों में 15 लाख रुपये का इनामी सहदेव महतो, एरिया कमांडर बबिन करमाली, बुद्धदेव और एक महिला नक्सली नताशा शामिल हैं। नताशा हाल ही में छत्तीसगढ़ से झारखंड आई थी और संगठन को मजबूत करने में जुटी थी। हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।










