लोकविहारी, संवाददाता:यादगीर। कर्नाटक के यादगीर जिले के सुरपुर तालुका में शुक्रवार को एक निजी बस से भिड़ंत के बाद कार में आग लगने से एक ही परिवार के नौ सदस्यों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। उसने बताया कि यह दुर्घटना सुरपुर तालुका में शांतापुरा क्रॉस के पास हुई।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान कृष्णा नायक (52) और उनकी पत्नी अनीता काला (45), शरणप्पा (36) और उनकी पत्नी मनसम्मा (30), उनके बच्चे सिद्धार्थ (3), आदित्य (5), और श्रीमणि (1.5) और शशिकला (30) और उनके बेटे चंदन (8) के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि शशिकला का दूसरा बेटा विराट (10) बाल-बाल बच गया।
प्रारंभिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से पुलिस अधीक्षक पृथ्वी शंकर ने बताया कि ऐसा प्रतीत होता है कि कार का टायर फट गया, जिसके बाद चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार एक निजी बस से जा टकराई। उन्होंने कहा कि इसके बाद कार में आग लग गई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कार में पांच बच्चों सहित कुल 10 लोग सवार थे। उन्होंने बताया कि दो बच्चों सहित चार लोग मौके पर जिंदा जल गए। उन्होंने कहा कि इन सभी को यादगीर चिकित्सा विज्ञान संस्थान ले जाया गया जहाँ इनमें से नौ को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि एकमात्र जिंदा बचे विराट का इलाज किया जा रहा है।










