नागपुर शहर में एनजीओ से जुड़े महिलाओं के कथित उत्पीड़न और इस्लामीकरण के आरोपों को लेकर विश्व हिंदू परिषद ने गंभीर चिंता जताई है। इस मामले को लेकर संगठन ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है।
विश्व हिंदू परिषद के प्रतिनिधियों ने झोन-2 के पुलिस उपायुक्त नित्यानंद झा को निवेदन दिया और मामले की गहन जांच की मांग की। संगठन के मंत्री अमोल ठाकरे ने कहा कि इस प्रकरण के मुख्य आरोपी रियाज काजी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि पीड़ित महिलाओं को न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
साथ ही, विश्व हिंदू परिषद ने संबंधित एनजीओ की गतिविधियों की भी विस्तृत जांच कराने की मांग की है। संगठन का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है, जिससे वास्तविक तथ्यों का पता चल सके और किसी भी प्रकार की अनियमितता या गलत गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।
पुलिस प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है। फिलहाल, सभी आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी। इस प्रकरण को लेकर नागपुर में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा तेज हो गई है।







