सुरक्षा हटाई : बंगाल में 9 को भाजपा का शपथ समारोह
लोकवाहिनी, संवाददाता:नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार का शपथ समारोह 9 मई को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में सुबह 10 बजे होगा। प्रदेश अध्यक्ष सुमिक भट्टाचार्य ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 7 मई को विधायक दल की बैठक होगी। वहीं, ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के आवास से अतिरिक्त पुलिस सुरक्षा हटा दी गई। हालांकि उन्हें पहले की तरह जेड-कैटेगरी सुरक्षा मिलती रहेगी। वहीं पश्चिम बंगाल चुनाव के नतीजों पर ऐतराज जताते हुए टीएमसी चीफ ममता बनर्जी ने एक बार फिर कहा कि उनके जो उम्मीदवार हारे हैं उन्हें साजिश के तहत जबरदस्ती हराया गया है। उन्होंने इसके लिए चुनाव आयोग, पश्चिम बंगाल पुलिस, सीआरपीएफ और मुख्य चुनाव अधिकारी को जिम्मेदार ठहराया।
उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी के 1500 से ज्यादा कार्यालयों पर कब्जा कर लिया गया। रिपोर्ट के मुताबिक ममता बनर्जी ने टीएमसी के नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक में कहा, बंगाल के बाद अब इंडिया गठबंधन की टीम एकजुट है। मैं इस्तीफा नहीं दूंगी। चाहे वे मुझे बर्खास्त कर दें। मैं चाहती हूं कि यह काला दिन हो। हमें मजबूत रहना होगा। विधानसभा के पहले दिन टीएमसी के सभी विधायक काले कपड़े पहनें। जिन्होंने धोखा दिया है, उन्हें पार्टी से निकाल दिया जाएगा। मैं हंस रही हूं। मैंने उन्हें नैतिक रूप से हराया है। मैं एक आजाद पंछी हूं। मैंने सबके लिए काम किया है। हम भले ही हार गए हों, लेकिन हम लड़ेंगे। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद सरकार गठन की संवैधानिक प्रक्रिया शुरू हो गई है। निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस्तीफा देने से इनकार करते हुए जनादेश पर सवाल उठाए हैं। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने बुधवार (6 मई 2026) को स्पष्ट किया कि चुनाव आयोग की भूमिका केवल चुनाव कराने और परिणाम अधिसूचित करने तक सीमित है, इसके आगे की प्रक्रिया पूरी तरह संविधान के तहत होती है।
बंगाल हिंसा में 200 से ज्यादा एफआईआर, 433 लोग गिरफ्तार
वहीं बंगाल में 4 मई को रिजल्ट के बाद से हिंसा शुरू हुई। पिछले 24 घंटों के दौरान 4 लोगों की हत्या हुई। इनमें भाजपा और टीएमसी के 2-2 कार्यकर्ता हैं। कोलकाता के न्यू मार्केट में मंगलवार रात भीड़ ने टीएमसी के पार्टी ऑफिस को बुलडोजर से गिरा दिया। उपद्रवियों ने आसपास की दुकानों को भी नुकसान पहुंचाया। वहीं नॉर्थ 24 परगना जिले के संदेशखाली स्थित बामनघेरी इलाके में मंगलवार रात गश्त कर रही पुलिस और केंद्रीय बलों पर हमला हुआ। उपद्रवियों ने फायरिंग की, जिसमें पांच सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। राज्य में चुनाव के बाद हुई हिंसा की घटनाओं पर पश्चिम बंगाल के डीजीपी सिद्धनाथ गुप्ता ने कहा- हमने 200 से ज्यादा एफआईआर दर्ज की हैं। 433 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 1100 से ज्यादा लोगों को रोकथाम की धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है। आज सुबह से कोई भी हिंसक घटना नहीं हुई है। वहीं हिंसा की घटनाओं के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने हिंसा और तोड़फोड़ में शामिल लोगों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। सीईसी ने पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव, डीजीपी, कोलकाता पुलिस कमिश्नर, केंद्रीय बलों के अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त करने के निर्देश दिए हैं। निर्देश में कहा गया है कि हिंसा भड़काने और तोड़फोड़ करने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए और कानून व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाए।
संदेशखाली में सुरक्षाबलों पर फायरिंग, बम से भरा बैग मिला
नॉर्थ 24 परगना जिले के संदेशखाली स्थित बामनघेरी इलाके में मंगलवार रात गश्त कर रही पुलिस और केंद्रीय बलों पर हमला हुआ। उपद्रवियों ने फायरिंग की, जिसमें पांच सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। घायलों में नाजात थाने के ऑफिसर इन-चार्ज, एक कांस्टेबल, एक महिला पुलिसकर्मी और केंद्रीय बलों के दो जवान शामिल हैं।









