नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में स्थित श्री शारदा भारतीय प्रबंधन संस्थान (SIIMD) की 17 छात्राओं ने स्वयंभू धर्मगुरु स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती पर यौन उत्पीड़न, धमकी और शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं। स्वामी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद गुरुवार को एक छात्रा ने नए और चौंकाने वाले खुलासे किए।
छात्राओं के आरोप
एफआईआर के अनुसार, छात्राओं को देर रात स्वामी के क्वार्टर बुलाया जाता था। विरोध करने पर निलंबन और डिग्री रोकने की धमकी दी जाती थी। एक छात्रा ने बताया कि अक्टूबर 2024 में दाखिले के बाद उसे एक फॉर्म पर जबरन हस्ताक्षर करवाए गए। इसके बाद आरोपी ने आधी रात को अश्लील संदेश भेजने शुरू कर दिए—जिनमें “बेबी, आई लव यू”, “तुम आज सुंदर लग रही हो” और उसके घुंघराले बालों की तारीफ जैसे मैसेज शामिल थे।
छात्रा का कहना है कि दिसंबर 2024 में चोट लगने के बाद जब उसने एक्स-रे रिपोर्ट साझा की, तभी से आरोपी बाबा ने निजी मोबाइल पर संपर्क कर अनुचित मैसेज भेजने शुरू कर दिए।
होली और BMW पूजा का प्रकरण
मार्च 2025 में आरोपी ने नई BMW कार की पूजा के बहाने छात्राओं को बुलाया और देर रात अकेले मिलने के संदेश भेजे। होली पर छात्राओं को लाइन में खड़ा कर सबसे पहले खुद रंग लगाने की ज़िद की। आरोप है कि बाद में ऑफिस बुलाकर आपत्तिजनक वीडियो बनाया गया।
छात्रा ने यह भी आरोप लगाया कि संस्थान की स्टाफ सदस्य श्वेता, भावना और काजल ने जबरन उसके फोन से चैट डिलीट कर दी और माफीनामा लिखवाया।
धमकियाँ और उत्पीड़न
एफआईआर में दर्ज है कि जून 2025 में ऋषिकेश दौरे पर छात्राओं से छेड़छाड़ की गई। एक छात्रा ने विरोध किया तो उसे परीक्षा से रोका गया, नंबर काट दिए गए और उसके माता-पिता का संपर्क भी ब्लॉक कर दिया गया।
छात्रा ने पुलिस को बताया कि उसे हल्द्वानी के एसपी के नाम पर भाई के अपहरण की धमकी तक दी गई। उसके पास इन घटनाओं के सबूत मौजूद हैं और उसने अन्य पीड़ित छात्राओं के नाम भी बताए हैं।
पुलिस कार्रवाई
वसंत कुंज नॉर्थ थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि चैतन्यानंद को पकड़ने के लिए कई टीमें बनाई गई हैं और देश छोड़कर भागने से रोकने के लिए लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी इस मामले पर स्वत: संज्ञान लिया है। जांच के दौरान पुलिस ने संस्थान के बेसमेंट से एक वॉल्वो कार बरामद की, जिस पर फर्जी राजनयिक नंबर प्लेट (39 UN 1) लगी थी। यह कार आरोपी चैतन्यानंद के इस्तेमाल में थी।
दर्ज धाराएँ
पुलिस ने बताया कि 25 अगस्त को दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए—एक यौन उत्पीड़न का और दूसरा फर्जी नंबर प्लेट का।
स्वामी चैतन्यानंद पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज हुआ है:
धारा 351(2): आपराधिक धमकी
धारा 75(2): यौन उत्पीड़न
धारा 79: किसी महिला की गरिमा का अपमान करने का इरादा











