सोनिया गांधी को राऊज एवेन्यू कोर्ट ने भेजा नोटिस
नई दिल्ली। दिल्ली के राऊज एवेन्यू कोर्ट ने सोनिया गांधी के खिलाफ नोटिस जारी किया है। यह नोटिस सोनिया गांधी द्वारा नागरिकता से पहले कथित तौर पर वोटर लिस्ट में नाम शामिल कराने के मामले में जारी किया गया है। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की गई थी। इस मामले में दायर की गई शिकायत पर राऊज एवेन्यू सेशन कोर्ट ने उन्हें नोटिस भेजा। कोर्ट ने दिल्ली पुलिस और सोनिया गांधी दोनों के लिए ही नोटिस जारी किया है।
दरअसल, विकास त्रिपाठी नाम के शख्स की ओर से कोर्ट में शिकायत कर आरोप लगाया गया है कि सोनिया गांधी ने 1983 में भारतीय नागरिकता लेने से 3 साल पहले ही 1980 में फर्जी दस्तावेजों के जरिए यहाँ की वोटर लिस्ट में अपना नाम शामिल करवा लिया था। हालांकि, मजिस्ट्रेट कोर्ट ने इस याचिका को खारिज कर दिया था। इस आदेश को याचिकाकर्ता ने सेशन कोर्ट में चुनौती दी है। फिलहाल, इस मामले में अगली सुनवाई 6 जनवरी को होगी। क्रिमिनल रिवीजन याचिका विकास त्रिपाठी ने इस याचिका को दायर किया है। इसमें एडिशनल चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट (एसीजेएम) वैभव चौरसिया के 11 सितंबर के आदेश को चुनौती दी गई है।











