वॉशिंगटन डीसी, एजेंसी
ईरान युद्ध पर बातचीत के प्रगति के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ओमान को धमकी दी है। कैबिनेट की एक तनावपूर्ण बैठक के दौरान, उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी देश को हॉर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण करने की अनुमति नहीं दी जाएगी, यहां तक कि मस्कट को भी नहीं।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने उस रिपोर्ट को खारिज कर दिया जिसमें दावा किया गया था कि युद्ध को समाप्त करने के लिए एक ढांचे के हिस्से के रूप में ईरान और ओमान जलडमरूमध्य से होकर गुजरने वाले जहाजों के आवागमन को नियंत्रित करेंगे। ट्रंप ने कहा, इसे कोई नियंत्रित नहीं करने वाला है। यह अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र है और ओमान भी बाकी देशों की तरह ही व्यवहार करेगा, वरना हमें उन्हें उड़ा देना पड़ेगा। ट्रंप के इस बयान से कई लोग स्तब्ध रह गए क्योंकि ओमान वाशिंगटन के सबसे करीबी और सबसे पुराने खाड़ी साझेदारों में से एक रहा है। यह अमेरिकी सैन्य सहयोग कार्यक्रमों की मेजबानी करता है और अक्सर अमेरिका और ईरान के बीच एक मौन मध्यस्थ के रूप में काम करता रहा है।
हॉर्मुज जलडमरूमध्य ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजराइल युद्ध को समाप्त करने के उद्देश्य से चल रही वार्ताओं का केंद्र बिंदु रहा है। इस साल की शुरुआत में संघर्ष शुरू होने से पहले, दुनिया के लगभग एक-पांचवें तेल और द्रवीकृत प्राकृतिक गैस का परिवहन प्रतिदिन इसी संकरे जलमार्ग से होता था। व्हाइट हाउस ने ईरान के हॉर्मुज मसौदे को खारिज कर दिया। इससे पहले दिन में, ईरानी सरकारी टीवी ने दावा किया कि एक अनौपचारिक मसौदा समझौते के तहत हॉर्मुज के माध्यम से वाणिज्यिक जहाज रानी एक महीने के भीतर युद्ध-पूर्व स्तर पर वापस आ सकेगी। प्रस्तावित समझौते के तहत ईरान और ओमान संयुक्त रूप से जहाज रानी यातायात की निगरानी करेंगे। इस समझौते के अंतर्गत, अमेरिका ईरान के आसपास अपनी सैन्य उपस्थिति कम करेगा और नौसैनिक नाकाबंदी समाप्त करेगा।












