ईरान ने बनाया निशाना,10 को बचाया गया
1 लापता : भारत ने की निंदा
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। ओमान के तट के पास स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में साइप्रस के झंडे वाले एक कमर्शियल जहाज जीएफएस गैलेक्सी पर ईरान ने हमला कर दिया। इस हमले के बाद एक भारतीय नागरिक लापता हो गया है, जिसकी तलाश जारी है। खबरों के अनुसार, हमले के बाद जीएफएस गैलेक्सी जहाज में आग लग गई, जिसके कारण चालक दल को भागना पड़ा। इस हमले को लेकर भारतीय सरकार ने पुष्टि की है कि जहाज पर सवार 11 भारतीयों में से 10 को अब तक बचा लिया गया है, जबकि एक अभी भी लापता है। कमर्शियल जहाज पर हुए हमले पर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। भारत सरकार ने बताया कि इनमें से 10 भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय अब भी लापता है। विदेश मंत्रालय ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि ओमान स्थित भारतीय दूतावास लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर राहत एवं बचाव अभियान में समन्वय कर रहा है।
विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि भारत ओमान तट के पास कमर्शियल जहाज जीएफएस गैलेक्सी पर हुए हमले की कड़ी निंदा करता है। मंत्रालय के मुताबिक, जहाज पर मौजूद 11 भारतीयों में से 10 को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि एक भारतीय नागरिक के लापता होने की सूचना है। विदेश ने कहा कि ओमान में भारतीय दूतावास लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है और ओमानी अधिकारियों के साथ मिलकर खोज एवं बचाव अभियान में सक्रिय रूप से सहयोग कर रहा है। भारत ने इस सहायता के लिए ओमान सरकार का आभार भी जताया। भारत ने क्षेत्र में लगातार कमर्शियल जहाजों पर हो रहे हमलों को गंभीर चिंता का विषय बताया। विदेश मंत्रालय ने सभी पक्षों से तत्काल तनाव कम करने और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की। बयान में कहा गया कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर व्यावसायिक जहाजों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया जाना बंद होना चाहिए। साथ ही अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत समुद्री व्यापार और नौवहन को बिना किसी बाधा के जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए। ईरान ने बंद किया होर्मुज स्ट्रेट यह घटना ऐसे समय हुई है जब ईरान और अमेरिका के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। ईरान ने दावा किया कि उसकी इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने साइप्रस के झंडे वाले कंटेनर जहाज पर कार्रवाई की, क्योंकि वह कथित तौर पर अधिकृत समुद्री मार्ग के बजाय दूसरे रास्ते से गुजर रहा था।
ईरान के 140 ठिकानों पर अमेरिका का वार, तेहरान का पलटवार
दुबई। अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य में एक जहाज पर हमले के जवाब में रविवार तड़के ईरान पर हमला किया। इसके बाद ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए बहरीन, कतर, कुवैत, ओमान और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को निशाना बनाकर हमले किए। ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में एक कंटेनर जहाज पर हमला किया, जिससे उसमें आग लग गई और उसके चालक दल को जहाज छोड़ना पड़ा। ईरान और अमेरिका के बीच 28 फरवरी को शुरू हुई जंग को हमेशा के लिए खत्म करने के वास्ते आगे की बातचीत में यह जलडमरूमध्य मुख्य अड़चन बन गया है। अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने कहा कि उसने ईरान के करीब 140 ठिकानों पर हवाई हमले करने के बाद अपनी हालिया सैन्य कार्रवाई का यह चरण पूरा कर लिया है। उसने कहा कि निशाना बनाए गए ठिकानों में मिसाइल और ड्रोन प्रक्षेपण स्थल, गोला-बारूद के भंडार, संचार उपकरण और अन्य केंद्र शामिल थे। सेंटकॉम ने बताया कि इन हमलों से होर्मुज जलडमरूमध्य से स्वतंत्र रूप से गुजरने वाले असैन्य नाविकों और वाणिज्यिक जहाजों पर हमला करने की ईरान की क्षमता को लगातार कमजोर किया है।












