संयुक्त राष्ट्र में सुधार पर सहमति : शी, ट्रंप और पुतिन के ‘शांति की दिशा में घोषणापत्र’ के साथ त्रिपक्षीय बैठक का समापन
लोकवाहिनी, संवाददाता
बीजिंग/शेनझेन। अमेरिका, चीन और रूस के राष्ट्रपतियों ने बृहस्पतिवार को अपनी अभूतपूर्व त्रिपक्षीय बैठक का समापन करते हुए ‘शांति की दिशा में घोषणापत्र’ जारी किया, जिसमें संयुक्त राष्ट्र में सुधारों का आह्वान करते हुए ऊर्जा संकट को कम करने के लिए शोधित पेट्रोलियम उत्पादों के उत्पादन एवं आपूर्ति बढ़ाने पर जोर दिया गया।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, उनके रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग अपने चार-सूत्री घोषणापत्र में, परमाणु खतरों को कम करने और परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकने के लिए वार्ता करने पर भी सहमत हुए। वे इस बात पर भी सहमत हुए कि अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (आईसीसी) और ऐसी ही अन्य संस्थाओं को अपने अधिकार क्षेत्र का दुरुपयोग नहीं करना चाहिए। शेनझेन में एपेक (एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग) शिखर सम्मेलन के दौरान तीनों देशों के शीर्ष नेताओं के बीच करीब 90 मिनट तक बैठक हुई। यह त्रिपक्षीय बैठक इन नेताओं की अपनी तरह की पहली बैठक थी। बैठक के अंत में जारी घोषणापत्र में कहा गया कि उन्होंने मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात पर विस्तार से चर्चा की और रणनीतिक स्थिरता तथा अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा बनाए रखने के लिए प्रतिबद्धता जताई। संयुक्त घोषणापत्र के अनुसार,
परमाणु हथियार इंसानियत के सिर पर लटकती तलवार : जिनपिंग
बैठक में सबसे पहले परमाणु हथियारों से पैदा होने वाले खतरों पर चर्चा हुई। जिनपिंग ने परमाणु हथियारों को इंसानियत के सिर पर लटकती तलवार बताते हुए कहा कि इन्हें पूरी तरह खत्म कर देना चाहिए। वहीं, पुतिन ने कहा कि रूस, चीन और अमेरिका तीनों ने द्वितीय विश्व युद्ध में जीत हासिल की थी। इसलिए दुनिया में शांति और सुरक्षा बनाए रखने की जिम्मेदारी भी इन तीनों देशों की है।
ईरान को परमाणु हथियार नहीं बनाने देंगे : ट्रंप
बैठक में ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देगा। अन्य देशों को भी परमाणु हथियार बनाने से रोकना जरूरी है। अमेरिका, रूस और चीन मिलकर परमाणु हथियारों की संख्या कम करने और उनके इस्तेमाल का खतरा घटाने पर चर्चा कर सकते हैं।
यूक्रेन से बातचीत नहीं करेंगे, हमलों का जवाब देंगे : पुतिन
ट्रंप और जिनपिंग के साथ बैठक के बाद पुतिन ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि ट्रंप यूक्रेन युद्ध समेत दुनिया के अन्य विवादों को सुलझाने की ईमानदारी से कोशिश करेंगे। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि वे यूक्रेन के साथ युद्ध को लेकर बातचीत नहीं करेंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुतिन ने कहा, रशिया ब्रिज पर हालिया हमलों के बाद हम बातचीत नहीं करेंगे। हम इन हमलों का जवाब देंगे। मैं चाहता हूं कि सभी लोग यह बात जान लें।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) के स्थायी सदस्य के रूप में चीन, रूस और अमेरिका ने संयुक्त राष्ट्र में सुधार करने का संकल्प लिया है, ताकि यह संस्था वैश्विक चुनौतियों का अधिक प्रभावी ढंग से सामना कर सके और अंतरराष्ट्रीय शांति व सुरक्षा के अपने मूल उद्देश्य को पूरा कर सके। इसमें कहा गया है, ‘तीनों देश सभी राष्ट्रों के लाभ के लिए शोधित पेट्रोलियम उत्पादों के उत्पादन और आपूर्ति को बढ़ाने की योजना बना रहे हैं।’ उन्होंने ईंधन की सतत आपूर्ति के महत्व को फिर से दोहराया। घोषणापत्र के अनुसार, तीनों राष्ट्राध्यक्षों ने स्वीकार किया कि राष्ट्रों की सहमति का सिद्धांत और राजनयिकों को प्राप्त छूट का सम्मान करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने इस बात पर भी सहमति जताई कि आईसीसी और ऐसी ही अन्य संस्थाओं को अपने अधिकार क्षेत्र का दुरुपयोग नहीं करना चाहिए। घोषणापत्र में कहा गया है कि तीनों नेताओं ने इस बात को फिर से दोहराया कि परमाणु युद्ध जीता नहीं जा सकता और यह कभी लड़ा भी नहीं जाना चाहिए।
















