आवास संकट को लेकर सरकार पर दबाव बढ़ा
एजेंसी
बार्सिलोना। स्पेन में सरकार से आवास संकट के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने की मांग को लेकर बुधवार को लाखों कर्मचारी हड़ताल कर रहे हैं। देश में तीन सप्ताह से भी कम समय बाद आम चुनाव होने हैं, जिनके बाद धुर दक्षिणपंथी दल के सत्ता में आने की संभावना है। स्पेन में पिछले 14 वर्ष में यह पहली आम हड़ताल है। इसके कारण सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में देरी होने और यूरो क्षेत्र की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाले इस देश में कारोबार, कारखानों तथा दुकानों का कामकाज धीमा पड़ने या पूरी तरह बंद होने की आशंका है। हड़ताल के शुरुआती घंटों में कुछ छिटपुट घटनाएं सामने आईं। देश के दूसरे सबसे बड़े शहर बार्सिलोना में कुछ जगहों पर सड़कें अवरुद्ध की गईं और टायरों में आग लगाई गई। राजधानी मैड्रिड के बाहरी इलाके में स्थित देश के मुख्य थोक बाजार के पास प्रदर्शनकारी कर्मचारियों और पुलिस के बीच झड़पें हुईं। हड़ताल का आह्वान करने वाले दो प्रमुख श्रमिक संगठनों यूजीटी और सीसीओओ ने शुरुआती घंटों में बड़ी संख्या में कर्मचारियों के हड़ताल में शामिल होने की जानकारी दी। संगठनों ने सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में कहा कि प्रमुख क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर कामकाज ठप रहा। वाहन निर्माण और बंदरगाह क्षेत्रों में 90 प्रतिशत, मांस उद्योग में 85 प्रतिशत, कचरा संग्रहण में 82 प्रतिशत और ऊर्जा क्षेत्र में 75 प्रतिशत कामकाज ठप रहा। बुधवार की इस हड़ताल को लेकर कर्मचारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, नेताओं और आम नागरिकों के अपने अलग-अलग हित एवं अपेक्षाएं हैं।
स्पेन में पिछले 10 वर्ष में मकानों का औसत किराया लगभग दोगुना हो गया है। इससे परिवारों के बजट पर भारी बोझ पड़ रहा है और मतदाताओं में नाराजगी बढ़ रही है। पिछले महीने मैड्रिड में 87 वर्षीय एक महिला को उसके घर से निकाले जाने की घटना का राष्ट्रीय टेलीविजन पर प्रसारण होने के बाद आवास संकट को लेकर लोगों का गुस्सा चरम पर पहुंच गया। ‘मैरिकारमेन’ के नाम से चर्चित हुई इस महिला की बाद में मौत हो गई, जिससे लोगों में और आक्रोश फैल गया। वह उन स्पेनवासियों की समस्याों का प्रतीक बन गईं, जो मकानों का भारी किराया चुकाने को मजबूर हैं और अपना घर खरीदने की कल्पना भी नहीं कर सकते।
आवास अधिकारों के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं ने मैरिकारमेन को घर से निकाले जाने पर उपजे आक्रोश के बीच आम हड़ताल का आह्वान किया। जल्द ही उन्हें स्पेन के दो प्रमुख श्रमिक संगठनों यूजीटी और सीसीओओ का समर्थन मिल गया। ये कार्यकर्ता कई कदम उठाने की मांग कर रहे हैं, जिनमें पर्यटकों को अपार्टमेंट किराए पर दिए जाने की व्यवस्था समाप्त करना और किरायेदारों की सुरक्षा के लिए किरायेनामा का स्वतः नवीनीकरण सुनिश्चित करना शामिल है। यूजीटी और सीसीओओ आवास बाजार में सरकार के अधिक हस्तक्षेप और कारोबारियों के संगठन के साथ बातचीत के जरिए न्यूनतम वेतन पर नया समझौता करने की मांग कर रहे हैं। मैरिकारमेन से जुड़ी घटना के विरोध में देश में हुए प्रदर्शनों के बाद स्पेन सरकार ने किरायेदारों को राहत देने और उन्हें घरों से निकाले जाने पर अंकुश लगाने के लिए आपातकालीन उपाय लागू करने की पहल की। हालांकि, संसद में दक्षिणपंथी दलों ने इन उपायों को मंजूरी देने से यह कहते हुए इंकार कर दिया कि इनके लागू होने से मकान मालिक अपनी संपत्तियां किराये पर देना बंद कर सकते हैं, जिससे किराये के लिए उपलब्ध मकानों की संख्या घट जाएगी।

















