राहत : ऊर्जा संकट के झटके के बावजूद नहीं डगमगाया भारत
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर अच्छी खबर सामने आई है. इस साल की शुरुआत से ही दुनियाभर में ऊर्जा संकट की स्थिति बनी हुई है. कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूती से आगे बढ़ रही है. हाल ही में अंतरराष्ट्रीय रेटिंग एजेंसी मूडीज की रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें भारत की आर्थिक विकास दर (जीडीपी ग्रोथ) का अनुमान बढ़ाकर 7 प्रतिशत कर दिया गया है. इससे पहले एजेंसी ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 में भारत की विकास दर 6.5 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया था. भारतीय अर्थव्यवस्था की यह मजबूती उत्साहजनक खबर है. मूडीज के मुताबिक, देश में घरेलू मांग मजबूत बनी हुई है. इसके अलावा निवेश में सुधार और कारोबार की बेहतर स्थितियाँ अर्थव्यवस्था को गति देने में मदद कर रही हैं. एजेंसी का मानना है कि भारत आने वाले समय में भी लगभग 7 प्रतिशत की आर्थिक विकास दर बनाए रख सकता है.
दरअसळ, ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध के कारण दुनिया के कई देशों में तेल और गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई है. इससे ऊर्जा की कीमतों में बढ़ोतरी का दबाव बना हुआ है. भारत भी अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा दूसरे देशों से कच्चे तेल के रूप में आयात करता है. ऐसे में महंगे तेल का असर भारतीय अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता था. हालांकि, मूडीज का कहना है कि भारत ने इस चुनौती का बेहतर तरीके से सामना किया है. भारत ने कच्चे तेल और गैस की खरीद के लिए अलग-अलग देशों पर निर्भरता बढ़ाई है. इसके अलावा सरकारी तेल कंपनियों और करों में राहत जैसे कदमों के कारण आम लोगों को महंगे ईंधन का असर तुरंत महसूस नहीं होने दिया गया. देश की बड़ी रिफाइनरी क्षमता ने भी इसमें मदद की है. मूडीज के अनुसार, भारत में निवेश से जुड़े संकेत बेहतर हो रहे हैं. मशीनों और औद्योगिक उपकरणों का उत्पादन तथा आयात बढ़ रहा है. बैंकों की ओर से उद्योगों को दिए जाने वाले कर्ज में भी तेजी आई है. इन संकेतों से उम्मीद है कि निजी कंपनियां आने वाले समय में कारखानों, मशीनों और नए कारोबार में अधिक निवेश कर सकती हैं. इससे उत्पादन बढ़ने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ने की संभावना है.

















