करोड़ों का कारोबार, ज्वेलरी शोरूम्स में ग्राहकों का सैलाब
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। धनतेरस और दीपावली की खरीदारी के लिए बाजार में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. लोगों ने जमकर खरीदारी की. बाजार में भीड़ की वजह से जाम जैसे हालत बने रहे. कस्बा कोतवाली देहात और क्षेत्र के बाजार में शुक्रवार सवेरे से ही लोगों की आवाजाही शुरू हो गई थी. दोपहर होने तक बाजार पूरी तरह से गुलजार हो गए. बर्तनों की दुकानों पर लोगों की काफी भीड़ रही. इसके अलावा ज्वेलर्स की दुकानों पर भी खरीदारों की भीड़ लगी रही, जिन्होंने चांदी के सिक्के और चांदी की छोटी मूर्तियां खरीदने में रुचि दिखाई. साथ ही किराना की दुकानों पर भी काफी भीड़ रही. इलेक्ट्रॉनिक और बाइकों की खूब बिक्री हुई.
गौरतलब है कि धनतेरस और दीपावली को लेकर दुकानदारों ने भी पहले ही तैयारियां कर ली थी. उधर, बाजार में भीड़ से जाम की स्थिति बनी रही. हालांकि पुलिस ने जाम से निपटने के लिए खासी मशक्कत की. धनतेरस पर नागपुर के सराफा बाजार में 140 करोड़ रुपए से अधिक के आभूषणों का कारोबार किया गया. वहीं, ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी धनतेरस के दिन लगभग 2,000 कारें और करीब 4,500 दोपहिया वाहनों की डिलीवरी की गई. कार, टू व्हीलर बाजार में 1,500 करोड़, सराफा बाजार में 1,150 करोड़, इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल बाजार में 1,225 करोड़, परिधान, जूते एवं फैशन बाजार में 950 करोड़, मिठाई, सूखे मेवा बाजार में 675 करोड़, सजावटी सामान, बर्तन में 600 करोड़, उपहार, कॉस्मेटिक्स बाजार में 250 करोड़, इलेक्ट्रिक बाजार में 150 करोड़ सहित नागपुर में खबर लिखे जाने तक 6500 करोड़ का कारोबार हो चुका था. जबकि नागपुर में देर रात तक खरीदारी जारी रही जिससे यह आंकड़ा बढ़ने की संभावना है.
विदर्भ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुज पांडे के अनुसार, इस वर्ष कारों की एडवांस बुकिंग का रिस्पॉन्स बेहद शानदार रहा है. धनतेरस के शुभ दिन लगभग 1,500 से 2,000 नई कारों की डिलीवरी की गई. ग्राहकों की सुविधा और उत्साह को ध्यान में रखते हुए डीलर्स ने कई विशेष त्योहारी ऑफर्स भी दिए हैं. धनतेरस पर शहर में करीब 4,500 दोपहिया वाहनों की डिलीवरी की गई. इनमें अकेले 1,000 वाहन इलेक्ट्रिक सेगमेंट के रहे. इस साल दोपहिया श्रेणी में इलेक्ट्रिक स्कूटर्स और बाइक्स की बिक्री लगभग दुगुनी देखी गई.
नागपुर के महल से इतवारी तक जाम ही जाम, दिवाली पर बाजारों में प्रशासन व्यवस्था भगवान भरोसे
एक ओर त्योहार का सीजन चरम पर है वहीं पुरानी बदहाली भी कायम है. दिवाली की खरीदारी के चलते प्रमुख बाजारों में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. ट्रैफिक पुलिस और नागपुर महानगरपालिका (मनपा) की लापरवाही का आलम यह है कि शहर की सड़कों पर भारी जाम लगा हुआ है लेकिन इसे संभालने के लिए कोई पुख्ता ब्लूप्रिंट नजर नहीं आया.
जगमगाए शहर के सभी क्षेत्र
प्रमुख व्यापारिक केंद्रों सीतार्बदी, इतवारी, महल, गांधीबाग, धरमपेठ, सदर, लक्ष्मीनगर चौक, प्रताप नगर, मनीष नगर, बेसा बेलतरोड़ी, जरीपटका, मानवाडा, दिघोरी, फ्रेंड्स कालोनी, रामेश्वरी, गोधनी, पारडी से लेकर शहर के तमाम छोटे बड़े बाजार में भारी भीड़ दिखाई दी.












