शेयर बाजार में जश्न;निवेशकों को 8.20 लाख करोड़ का फायदा
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। शेयर बाजार ने बृहस्पतिवार को दिवाली से पहले जश्न मनाया। बाजार में बृहस्पतिवार लगातार छठे दिन तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स करीब 2,009 अंक की छलांग लगा गया जबकि एनसई निफ्टी 24,500 अंक के पार पहुंच गया। पश्चिम एशिया संघर्ष के समाधान की उम्मीद, कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट और अमेरिकी मध्यावधि चुनावों के नतीजों के बाद यह तेजी आई। अमेरिका में मध्यावधि चुनावों में विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी को अमेरिकी संसद पर नियंत्रण मिल गया है। इसके अलावा, विदेशी निवेशकों की लगातार लिवाली और अमेरिकी बाजारों में जोरदार तेजी से भी निवेशकों का उत्साह बढ़ा।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 2,008.61 अंक यानी 2.60 प्रतिशत उछलकर 79,310.01 अंक पर बंद हुआ। इस तूफानी तेजी के चलते निवेशकों की संपत्ति में एक ही दिन में करीब 8.20 लाख करोड़ का इजाफा हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 2,168.63 अंक की बढ़त के साथ 79,470.03 अंक पर पहुंच गया था। एनएसई का 50 शेयरों वाला निफ्टी भी 576 अंक यानी 2.40 प्रतिशत चढ़कर 24,536.60 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में बजाज फाइनेंस के शेयरों में सबसे अधिक 7.77 प्रतिशत की तेजी आई। इसके अलावा इंटरग्लोब एविशन में 5.80 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक में 5.29 प्रतिशत, मारुति 5.28 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 5.15 प्रतिशत और बजाज फिनसर्व में 4.66 प्रतिशत की बढ़त रही।
दूसरी ओर एनटीपीसी, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, अडानी पोर्ट्स और आईटीसी के शेयर में गिरावट रही। पिछले लगातार छह कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स 6,063.98 अंक यानी 8.27 प्रतिशत चढ़ चुका है, जबकि निफ्टी में 1,837.75 अंक यानी आठ प्रतिशत की तेजी आई है। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.59 प्रतिशत बढ़कर 96.12 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 7,284.03 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
















