सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनियों और खुदरा कंपनी ट्रेंट के शेयरों में जोरदार लिवाली के बीच घरेलू शेयर बाजार शुक्रवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 308 अंक चढ़ गया जबकि निफ्टी में 116 अंक की तेजी रही। विश्लेषकों के मुताबिक, वैश्विक बाजारों में कमजोर संकेतों के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेजी का रुख रहने और विदेशी संस्थागत निवेशकों की बिकवाली से शेयर बाजार की बढ़त सीमित रही। बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 308.49 अंक यानी 0.42 प्रतिशत चढ़कर 74,459.53 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 591.55 अंक बढ़कर 74,742.59 अंक पर पहुंच गया था। एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 116.35 अंक यानी 0.51 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,053.10 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में ट्रेंट का शेयर सर्वाधिक 5.20 प्रतिशत चढ़ गया। टाटा समूह की खुदरा कंपनी ने बृहस्पतिवार को बताया था कि सितंबर तिमाही में उसका एकीकृत शुद्ध लाभ 25 प्रतिशत बढ़कर 468 करोड़ रुपये रहा। राजस्व में वृद्धि और परिचालन क्षमता में सुधार से महंगाई के माहौल में भी कंपनी की आय को समर्थन मिला। इसके अलावा, इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो), इन्फोसिस, एनटीपीसी, पावर ग्रिड, इंटरनल, टेक महिंद्रा और एचसीएल टेक भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी ओर, भारतीय स्टेट बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट और टाटा स्टील के शेयरों में गिरावट रही। साप्ताहिक आधार पर बीएसई सेंसेक्स में 1,335.7 अंक यानी 1.82 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई जबकि एनएसई निफ्टी में कुल 453.1 अंक यानी दो प्रतिशत की बढ़त देखी गई।













