मनसे के बाद ठाकरे गुट के विधायक ने भी अपनाया विरोधी रुख
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। राज्य सरकार ने मुंबई के दादर रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर चैत्यभूमि करने के प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। केंद्र सरकार के मार्गदर्शन के अनुसार नामकरण की प्रक्रिया आगामी विधानसभा सत्र में पूरी की जाएगी। सरकार के इस फैसले का जहां एक ओर स्वागत किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर कुछ राजनीतिक दल इसका विरोध कर रहे हैं। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के नगरसेवक यशवंत किल्लेदार ने इस फैसले का विरोध किया है। इसके बाद अब नया विवाद खड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। इस बीच, उद्धव ठाकरे की पार्टी के एक प्रमुख विधायक ने भी नाम बदलने का विरोध किया है। शिवसेना (ठाकरे गुट) के नेता और विधायक महेश सावंत ने दादर का नाम बदलने पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि दादर का नाम बदलकर चैत्यभूमि नहीं किया जाना चाहिए। यह सत्ताधारियों की राजनीतिक चाल है और लोगों को इसका शिकार नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे मन में चैत्यभूमि के प्रति भी सम्मान है और दादर के पारंपरिक नाम के प्रति भी उतना ही आदर है।
महेश सावंत ने यह भी कहा कि आम दादरवासियों को नाम बदलने का फैसला पसंद नहीं आएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस मुद्दे पर राजनीतिक विवाद नहीं होना चाहिए। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 18 नवंबर को दादर के नामकरण को लेकर विस्तृत जानकारी दी थी। उन्होंने बताया कि दादर रेलवे स्टेशन का नाम चैत्यभूमि रखने की मांग को राज्य सरकार पहले ही सैद्धांतिक मंजूरी देकर केंद्र सरकार को पत्र भेज चुकी है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया के लिए विधानमंडल की समिति के संबंध में केंद्र सरकार से मार्गदर्शन प्राप्त हो गया है। इसलिए विधानसभा के आगामी अधिवेशन में आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद स्टेशन का नाम बदला जाएगा। दिसंबर में शुरू होने वाले शीतकालीन अधिवेशन में नामकरण की पूरी प्रक्रिया संपन्न होने की संभावना है। हालांकि, राजनीतिक स्तर पर विरोध शुरू होने के कारण अब इस मामले में आगे क्या होगा, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।
…तो दादर मेट्रो स्टेशन का नाम होगा चैत्यभूमि
मुंबई। राज्य सरकार द्वारा दादर रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर चैत्यभूमि करने के प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दिए जाने की खबर सामने आई थी। यह भी बताया गया था कि दिसंबर महीने में होने वाले शीतकालीन अधिवेशन में सरकार इस संबंध में आधिकारिक निर्णय लेगी। सरकार के इस फैसले का मनसे और ठाकरे गुट के कुछ नेताओं ने विरोध किया था। हालांकि, अब इस मामले में नई और महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि राज्य सरकार दादर रेलवे स्टेशन का नहीं, बल्कि दादर मेट्रो स्टेशन का नाम बदलने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने वाली है। सूत्रों के मुताबिक, राज्य सरकार की ओर से भेजा जाने वाला प्रस्ताव दादर रेलवे स्टेशन से संबंधित नहीं, बल्कि दादर मेट्रो स्टेशन के नामकरण से जुड़ा है। सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि चैत्यभूमि नामकरण का प्रस्ताव दादर मेट्रो स्टेशन के लिए है। मेट्रो स्टेशन का नाम बदलने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजना आवश्यक होता है। केंद्र की मंजूरी मिलने के बाद ही नाम बदलने की औपचारिक प्रक्रिया पूरी होती है। डीजीआईपीआर ने 18 नवंबर को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की थी। इसी विज्ञप्ति के कारण बड़ा भ्रम पैदा हुआ। विज्ञप्ति में दादर रेलवे स्टेशन का उल्लेख किया गया था। इससे लोगों को लगा कि दादर रेलवे स्टेशन का ही नाम बदला जाने वाला है। हालांकि, अब स्पष्ट किया गया है कि दादर रेलवे स्टेशन नहीं, बल्कि दादर मेट्रो स्टेशन का नाम बदलने का प्रस्ताव है।
















