डिवाइडर से टकराकर नाले में गिरी कार के उड़े परखच्चे
स्वामी विवेकानंद स्मारक के पास भीषण हादसा
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। शहर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। अंबाझरी तालाब परिसर में स्वामी विवेकानंद स्मारक के पास गुरुवार तड़के एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर पुल से नीचे सीधे नाले में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में कार चला रहे 29 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक जरीपटका निवासी कणव उर्फ कनय अनूप सहानी है। सबसे दुखद पहलू यह है कि कणव की आगामी फरवरी महीने में शादी होने वाली थी। शादी की तैयारियों से पहले ही परिवार की खुशियां मातम में बदल गई।
प्राप्त जानकारियों के अनुसार, हादसा गुरुवार तड़के करीब 4:30 बजे अंबाझरी टी-पॉइंट से गजानन मंदिर टी-पॉइंट की ओर जाने वाले मार्ग पर हुआ। बताया जाता है कि कणव एक दिन पहले ही चेन्नई में आयोजित मीटिंग में शामिल होने गए थे। वहां से लौटने के बाद वह दोस्तों के साथ पार्टी में शामिल हुए। इसके बाद सुबह कार क्र. एमएच-49-सीडी 8390 से घर लौटते समय स्वामी विवेकानंद स्मारक के पास उनकी कार अनियंत्रित हो गई। पुलिस के मुताबिक, तेज रफ्तार कार पहले सड़क के डिवाइडर से जोरदार टकराई और फिर पुल से नीचे नाले में जा गिरी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कणव के सिर, गर्दन और हाथों में गंभीर चोटें आईं।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। घायल कणव को तत्काल एंबुलेंस की मदद से मेयो अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण छूटने के कारण हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, दुर्घटना की वास्तविक वजह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। शहर में लगातार हो रहे सड़क हादसे एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और यातायात सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। आखिर नागपुर की सड़कों पर मौत बनकर दौड़ती रफ्तार पर लगाम कब लगेगी?
माता-पिता को दिल्ली में मिली बेटे की मौत की खबर
बताया जाता है कि कणव के पिता अनूप सहानी कंस्ट्रक्शन व्यवसायी और उनका ट्रांसपोर्ट का भी काम है। हादसे के समय कणव के माता-पिता किसी मीटिंग के सिलसिले में दिल्ली गए हुए थे। इसी दौरान उन्हें बेटे के साथ हुए भीषण हादसे और उसकी मौत की सूचना मिली। परिवार में फरवरी महीने में कणव की शादी की तैयारियां चल रही थीं। जिस घर में जल्द ही शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।















