पंढरपुर से मुंबई लौटते समय हुई घटना, बैटरी में खराबी के कारण एक इंजन चालू नहीं हो सका
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के पंढरपुर दौरे के दौरान उनके हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई। कार्यक्रम समाप्त करने के बाद वे मुंबई के लिए रवाना होने वाले थे, लेकिन हेलिपैड पर हेलिकॉप्टर में बैठने के बाद भी यह शुरू नहीं हो सका। जानकारी के मुताबिक, हेलिकॉप्टर की बैटरी में तकनीकी खराबी आ गई थी। इस घटना में किसी तरह की दुर्घटना नहीं हुई। अब एकनाथ शिंदे को सड़क मार्ग से पुणे जाना पड़ा, जहां से वे विमान से मुंबई रवाना हुए।
एकनाथ शिंदे पंढरपुर में अपना कार्यक्रम पूरा करने के बाद हेलिपैड पहुंचे और हेलिकॉप्टर में सवार हो गए। पायलट ने हेलिकॉप्टर शुरू करने की कोशिश की, लेकिन वह चालू नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि हेलिकॉप्टर की बैटरी में तकनीकी खराबी के कारण यह समस्या आई। हेलिकॉप्टर अचानक बंद पड़ने से अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल पुलिस और सुरक्षा अधिकारी हेलिपैड पर पहुंच गए। सोलापुर के जिलाधिकारी और पुलिस अधिकारियों के अनुरोध पर शिंदे पंढरपुर से सड़क मार्ग द्वारा पुणे के लिए रवाना हुए। यहां से वे विमान के जरिए मुंबई जाएंगे। एकनाथ शिंदे हेलिकॉप्टर में बैठे थे और पायलट उसे शुरू करने का प्रयास कर रहा था। इस दौरान एक इंजन चालू हो गया, लेकिन दूसरा इंजन शुरू नहीं हो सका। बताया गया कि बैटरी का चार्ज कम होने के कारण यह समस्या पैदा हुई। बैटरी चार्ज करने की कोशिश भी की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस वजह से एकनाथ शिंदे को करीब 20 से 25 मिनट तक इंतजार करना पड़ा। इसके बाद उन्होंने कोई जोखिम न लेते हुए कार से पुणे जाने का फैसला किया।
क्या हेलिकॉप्टर की जांच नहीं की गई थी? ए
कनाथ शिंदे जिस हेलिकॉप्टर से यात्रा करने वाले थे, उसमें दो इंजन थे। इनमें से एक इंजन चालू ही नहीं हो सका। किसी तरह का जोखिम न उठाते हुए शिंदे ने सड़क मार्ग से यात्रा करने का निर्णय लिया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई दुर्घटना नहीं हुई। हालांकि, इस घटना के बाद सवाल उठ रहे हैं कि क्या संबंधित हेलिकॉप्टर की पहले से जांच नहीं की गई थी? क्या उड़ान से पहले उसके सभी हिस्सों और तकनीकी प्रणालियों की कार्यक्षमता की जांच की गई थी? फिलहाल, इन सवालों पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।
















