एयर होस्टेस वर्षा तुरकर हत्याकांड का खुलासा
गोंदिया। पूरे जिले को हिलाकर रख देने वाले एयर होस्टेस वर्षा तुरकर हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में गोंदिया स्थानीय अपराध शाखा को सफलता मिली है। पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि पति के दूसरी महिला से प्रेम संबंधों से परेशान होकर उसकी पत्नी ने ही वर्षा की हत्या की साजिश रची थी। हत्या के लिए 13 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। जीपीएस लोकेशन के जरिए पीछा कर वर्षा को जंगल में घेरकर उनकी हत्या की गई। मामले में चार आरोपियों को गुरुवार को हिरासत में लिया गया है, जबकि दो अन्य फरार हैं। यह जानकारी जिला पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। पुणे के धानोरी निवासी वर्षा तुरकर (35) दिवाली की छुट्टियों में बालाघाट जिले के खैरलांजी तहसील के किन्ही गांव आई थीं।
14 नवंबर को वह गोंदिया निवासी अपने मित्र नितेश अग्रवाल के साथ तिरोड़ा गई थीं। वापस लौटते समय बोंडरानी स्थित शिव मंदिर के पास जंगल क्षेत्र में मोटरसाइकिल से आए तीन आरोपियों ने वर्षा के पेट और पीठ पर चाकू से वार कर उनकी हत्या कर दी थी। इस मामले में 15 नवंबर को दवनीवाड़ा पुलिस थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे ने स्थानीय अपराध शाखा को जांच के निर्देश दिए। पुलिस निरीक्षक रेवचंद सिंगनजुड़े के नेतृत्व में छह टीमें गठित की गईं। गोंदिया, तिरोड़ा, खैरलांजी, वारासिवनी और बालाघाट मार्गों पर लगे करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांची गई। इसमें नितेश की कार का तीन संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों द्वारा पीछा किए जाने की जानकारी सामने आई।
तकनीकी जांच और गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने 19 नवंबर को मुरी गांव से इमरान करीम शेख को हिरासत में लिया। पूछताछ में सामने आया कि नितेश की पत्नी ने घर के पास रहने वाले कुणाल कुंभलकर की मदद से हत्या की साजिश रची थी। कथित तौर पर शातिर अपराधी शाहरुख पठान के माध्यम से 13 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। इसके बाद इमरान शेख, नावलान उर्फ नलेन शेख और क्रिश राऊत को हत्या की जिम्मेदारी सौंपी गई।
जीपीएस लोकेशन से लगाया था वर्षा का पता
पुलिस के अनुसार, नितेश की पत्नी के नाम पर पंजीकृत कार में लगी टोयोटा आई-कनेक्ट प्रणाली की आईडी और पासवर्ड आरोपियों को उपलब्ध कराए गए थे। इसके जरिए जीपीएस लोकेशन हासिल कर आरोपी वर्षा तक पहुंचे और उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की जांच के लिए दवनीवाड़ा पुलिस के हवाले किया है। दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे और अपर पुलिस अधीक्षक अभय डोंगरे के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा और साइबर टीम ने यह कार्रवाई की। प्रेम संबंधों के विवाद और कथित सुनियोजित साजिश से जुड़े इस हत्याकांड के खुलासे से पूरे जिले में सनसनी फैल गई है।
















