किसानों-कारोबारियों को गाली देने से देश नहीं बढ़ता
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कारोबार, अर्थव्यवस्था, गरीबी उन्मूलन और विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर कई अहम बातें कहीं। उन्होंने कहा कि किसानों और कारोबारियों की आलोचना करने से देश आगे नहीं बढ़ता, बल्कि उन्हें प्रोत्साहित करने और उनकी क्षमता बढ़ाने से आर्थिक विकास को गति मिलती है। प्रधानमंत्री ने पिछले 12-13 वर्षों में हुए आर्थिक बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस अवधि में 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए इसे देश की आर्थिक प्रगति का बड़ा उदाहरण बताया। मोदी ने कारोबारियों और कंपनियों से कहा कि भारत 140 करोड़ लोगों का बड़ा बाजार है, लेकिन कंपनियों को केवल घरेलू बाजार के भरोसे नहीं रहना चाहिए। उन्हें उत्पादों की गुणवत्ता, रिसर्च और इनोवेशन पर ध्यान देते हुए वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार होना चाहिए।
घरेलू बाजार के भरोसे न रहें कारोबारी
मोदी ने कारोबारियों से कहा कि भारत में 140 करोड़ लोगों का विशाल बाजार उपलब्ध है, लेकिन कंपनियों को केवल घरेलू बाजार तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्हें अपने उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार कर अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धा करनी चाहिए। प्रधानमंत्री ने उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर कंपनियों को नसीहत भी दी। उन्होंने कहा कि कुछ कंपनियां विदेशों के लिए बेहतर गुणवत्ता वाले उत्पाद तैयार करती हैं, जबकि भारत में अपेक्षाकृत कम गुणवत्ता वाले उत्पाद उपलब्ध कराए जाते हैं। इस सोच को बदलने की जरूरत है।
















