अब आंध्र-ओडिशा के बीच होगी टक्कर : 10 राज्यों में मौसम बदलेगा
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। चक्रवाती तूफान अकवान ने अपना रूट बदल लिया है। अब वह आंध्र प्रदेश की जगह आंध्र और ओडिशा के बीच स्थित तट से टकराएगा। पहले इसके गुरुवार को आंध्रप्रदेश के तट से टकराने की बात कही गई थी, लेकिन बाद में इसे शुक्रवार कर दिया गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, अकवान शुक्रवार दोपहर आंध्र के नरसापुर और ओडिशा के पुरी के बीच तट से टकरा सकता है। इस दौरान 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
80 हजार सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट
तूफान अकवान को देखते हुए ओडिशा के तटीय इलाकों में रहने वाले करीब 80 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। राज्य के 6 जिलों में 19 से 21 नवंबर तक स्कूल और आंगनवाड़ी बंद रहेंगे। तटीय इलाकों में 74 रेस्क्यू टीमें तैनात की गई हैं। नेवी और दूसरी एजेंसियां बचाव की तैयारियों में जुटी हैं। चक्रवात के चलते 10 राज्यों में मौसम बदलेगा।
ओडिशा-आंध्र में भारी बारिश
अकवान के असर से ओडिशा, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश हुई। तूफान के रास्ता बदलने के बाद अब वह ओडिशा से होकर गुजरेगा। इस वजह से राजधानी भुवनेश्वर में तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में गुरुवार और शुक्रवार को भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
















