नागपुर आने वाली 28 अक्टूबर को 53 ट्रेनें रद्द
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात अर्णव का असर रेल यातायात पर दिखाई देने लगा है। इसके चलते नागपुर आने वाली कई लंबी दूरी की ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं। रेलवे के लेट अपडेट के मुताबिक, मंगलवार को जंक्शन पर 4 प्रमुख ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी देरी से पहुंचीं। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। 22846 हटिया-पुणे एक्सप्रेस – 5 घंटे 15 मिनट – 18030 शालीमार-एलटीटी एक्सप्रेस – 5 घंटे 15 मिनट – 12810 हावड़ा-मुंबई मेल – 5 घंटे 30 मिनट – 12130 आजाद हिंद एक्सप्रेस – 6 घंटे 35 मिनट ये सभी ट्रेनें हावड़ा, झारसुगुड़ा और बिलासपुर मार्ग से नागपुर पहुंचती हैं। संबंधित मार्ग तूफान प्रभावित क्षेत्रों के आसपास से गुजरते हैं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों की गति नियंत्रित किए जाने से इनके परिचालन पर असर पड़ा है। रेलवे ने सुरक्षा कारणों से 27 और 28 अक्टूबर को कुल 53 ट्रेनें रद्द कर दी हैं।
चक्रवात के बुधवार सुबह आंध्र प्रदेश के बापटला और विशाखापत्तनम के बीच तट से टकराने की आशंका जताई गई है। इस दौरान हवा की रफ्तार 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। चक्रवात का असर नागपुर-विजयवाड़ा और नागपुर-सिकंदराबाद मार्ग की ट्रेनों पर भी पड़ सकता है। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी गई है कि स्टेशन के लिए रवाना होने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति और समय-सारणी की जानकारी अवश्य जांच लें। बंगाल की खाड़ी में चक्रवात अर्णव के सक्रिय होने से हवाओं की रफ्तार बढ़ने की आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार मध्यरात्रि तक इसके भीषण चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। बुधवार तक तूफान के और तीव्र रूप धारण करने का अनुमान है। 28 अक्टूबर को इसके आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्र से टकराने की आशंका जताई गई है। इस दौरान हवा की रफ्तार 120 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है, जबकि झोंकों की गति 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। इस चक्रवात का असर महाराष्ट्र में भी पड़ सकता है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से पूर्वी विदर्भ के जिलों में तूफान के प्रभाव की आशंका जताई है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के मौसम विशेषज्ञ प्रवीण कुमार के अनुसार, चक्रवात का सबसे ज्यादा असर गढ़चिरोली जिले में देखने को मिल सकता है।
गढ़चिरोली में ऑरेंज अलर्ट
चक्रवात के संभावित खतरे को देखते हुए 28 और 29 अक्टूबर के लिए गढ़चिरोली जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, भंडारा, गोंदिया और चंद्रपुर जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विशेषज्ञ प्रवीण कुमार के अनुसार, चक्रवात के प्रभाव से गढ़चिरोली में मूसलाधार बारिश होने के साथ ही 110 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पहले 28 अक्टूबर को चक्रवात के आंध्र प्रदेश के तट से टकराने और इसके बाद पूर्वी विदर्भ की ओर बढ़ने की आशंका है। ऐसे में संबंधित जिलों में मौसम की स्थिति पर नजर रखना जरूरी होगा।













