सरकार ने किया तबादला: विवादित ऑन स्क्रीन मार्किंग के टेंडर की जांच के आदेश
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने सीबीएसई के चेयरमैन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता का मंगलवार को बोर्ड से तबादला कर दिया। इनकी जगह पर सीनियर आईएएस ऑफिसर लोखंडे प्रशांत सीताराम को सीबीएसई का नया चेयरमैन और वरुण भारद्वाज को सचिव नियुक्त किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सरकार ने कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा के लिए अपनाई गई डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली में कथित अनियमिताओं के मद्देनजर यह कदम उठाया है। सीबीएसई उस समय विवादों में घिर गई, जब कक्षा 12 के कुछ छात्रों ने आरोप लगाया कि बोर्ड की ओर से अपलोड की गई उनकी उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन प्रतियां उनकी लिखावट से मेल नहीं खातीं। ओएसएम प्रणाली में उत्तर पुस्तिकाओं के मिलान में संभावित गड़बड़ी को लेकर चिंताएं बढ़ गईं। वहीं ओएसएम सर्विस के टेंडर और खरीद प्रक्रिया की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी गई है। उधर, री-इवैल्यूएशन पोर्टल पर साइबर अटैक हुआ। सीबीएसई के अनुसार, 2 मिनट में 15 लाख एक्सेस अटेंप्ट हुए, जबकि 1 लाख से ज्यादा बार सिस्टम की फाइलों तक बिना अनुमति पहुंचने की कोशिश की गई। हालांकि, साइबर अटैक के बावजूद पोर्टल काम करता रहा और दोपहर 3 बजे तक 16 हजार से ज्यादा छात्रों ने आवेदन कर दिया।
पुनर्मूल्यांकन के लिए पोर्टल खोला
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बोर्ड परीक्षा मूल्यांकन से असंतुष्ट छात्रों के लिए उत्तरों के पुनर्मूल्यांकन एवं उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन की गई प्रतियों में पाई गई समस्याओं के सत्यापन हेतु मंगलवार को ऑनलाइन पोर्टल चालू कर दिया। बोर्ड के अनुसार, यह सुविधा केवल उन छात्रों के लिए उपलब्ध है जिन्होंने अपनी उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन की गई प्रतियां प्राप्त की हैं। सीबीएसई ने कहा, उत्तर पुस्तिका की उपलब्ध कराई गई स्कैन प्रति में देखी गई समस्याओं के सत्यापन और उत्तरों के पुनर्मूल्यांकन हेतु आवेदन के लिए पोर्टल दो जून 2026 को शुरू कर दिया गया है।












