दाऊद के करीबी के संपर्क में था संदिग्ध, महाराष्ट्र एटीएस-दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। महाराष्ट्र एंटी-टेररिजम स्क्वॉड (एटीएस) और दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के जॉइंट ऑपरेशन में एक संदिग्ध व्यक्ति गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार, इन दोनों टीम ने मिलकर एक संदिग्ध टेरर-अंडरवर्ल्ड नेटवर्क की जांच के दौरान हुजैफा नामक संदिग्ध व्यक्ति को मुंबई से गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर पाकिस्तान-बेस्ड हैंडलर के करीबी के कॉन्टैक्ट में था।
जांच में सामने आया है कि हुजैफा पाकिस्तान-बेस्ड हैंडलर सैयद मुदस्सर हुसैन उर्फ मुन्ना झिंगाड़ा के संपर्क में था, जिसे भगोड़े अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का करीबी साथी माना जाता है। मुन्ना झिंगाड़ा पर ये आरोप है कि उसने इस केस के सिलसिले में पहले गिरफ्तार किए गए कई संदिग्ध आतंकवादियों के हैंडलर के तौर पर काम किया है। जानकारी के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियां पिछले 3 दिनों से हुजैफा को ढूंढने की कोशिश में राज्य के कई जगहों पर छापेमारी कर रही थीं। बुधवार को हुजैफा की गिरफ्तारी के बाद ये ऑपरेशन खत्म हुआ। महाराष्ट्र एटीएस और दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने मुंबई से हुजैफा को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल गिरफ्तार आरोपी को मुंबई स्थानीय अदालत में पेश करेगी और आगे की जांच के लिए उसे दिल्ली ले जाने हेतु प्रोडक्शन वारंट की मांग करेगी।
अधिकारियों ने कहा है कि पूछताछ के दौरान नेटवर्क के संचालन, संपर्कों और गतिविधियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि हुजैफा का इस मामले में पहले गिरफ्तार किए जा चुके अन्य आरोपियों से कोई संबंध था या नहीं। इसके अलावा उसके इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल एजेंसियां किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों और साक्ष्यों का विश्लेषण कर रही हैं। दिल्ली में पूछताछ के बाद मामले में और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।










