मरने वालों में 11 विदेशी शामिल, 40 को बचाया, जान बचाने के लिए बिल्डिंग से कूदे लोग
लोकवाहिनी, संवाददाता
नई दिल्ली। दिल्ली के मालवीय नगर में एक होटल में आग लगने से 21 लोगों जिंदा जल गये। बुधवार को हुए भीषण आग हादसे ने झकझोर कर रख दिया। लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में लगी आग देखते ही देखते पूरी 5 मंजिला बिल्डिंग में फैल गई। इसी बिल्डिंग में फ्लोरिश स्टे बी एंड बी होटल भी था, जिसके 25 कमरे जलकर पूरी तरह राख हो गए। हादसे में 21 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 37 लोग घायल हैं। मृतकों में 11 विदेशी नागरिक शामिल हैं। इनमें नाइजीरिया, मोजाम्बिक, बांग्लादेश और लाइबेरिया के नागरिक शामिल बताए जा रहे हैं। कई विदेशी नागरिक अपने परिजनों के इलाज के सिलसिले में दिल्ली आए थे और इसी होटल में ठहरे हुए थे। यह भी आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
दिल्ली फायर सर्विस और स्थानीय लोगों के मुताबिक, मालवीय नगर में मौजूद इस होटल के रेस्टोरेंट में सुबह 8.50 बजे आग लगी। आग ऊपरी मंजिलों पर बने होटल के कमरों और बेसमेंट तक पहुंच गई। घटना के वीडियो में कुछ लोग जान बचाने के लिए जलती हुई इमारत की तीसरी-चौथी मंजिल से कूदते नजर आ रहे हैं। इन्हें बचाने के लिए स्थानीय लोगों ने जमीन पर गद्दे भी बिछाए थे। कुल 40 लोगों बचाया गया। कई लोगों की हालत गंभीर है। वहीं, बेसमेंट से भी 6 से ज्यादा लोगों को निकाला गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग लगने के पीछे शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। सुबह करीब 9:45 बजे फायर ब्रिगेड को आग लगने की सूचना दी गई थी, लेकिन कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी इमारत धुएं और आग की चपेट में आ गई।
जांच में सामने आया है कि होटल में प्रवेश और निकास के लिए केवल एक ही रास्ता था। भवन के एक तरफ दूसरा मकान था, पीछे भी निर्माण था और बगल की गली से कोई वैकल्पिक निकासी मार्ग नहीं था। आग फैलने के बाद घना धुआं तेजी से सभी कमरों में भर गया, जिससे अंदर फंसे लोग बाहर नहीं निकल सके। कई लोगों को अपनी जान बचाने के लिए खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश करनी पड़ी। होटल के पास 6 रूम की परमिशन थी, लेकिन 25 कमरे थे। फ्लोरिश स्टे गेस्टहाउस को बेड एंड ब्रेकफास्ट कांसेप्ट के तहत लाइसेंस जारी किया गया था। इसके तहत 6 रूम की परमिशन थी, लेकिन 25 कमरे बने थे। आग लगने के बाद होटल के रेस्टोरेंट के बेसमेंट में भी काफी लोग फंसे थे। इसमें अंदर जाने और बाहर निकलने का रास्ता एक ही था, जो बहुत संकरा था। होटल के पास फायर एनओसी नहीं थी। होटल मालिक गिरफ्तार पार्टनर फरार। गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज। मामले में दिल्ली पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर होटल मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार किया।
एक ही परिवार के 8 लोगों की गई जान
दिल्ली के महावीर एन्क्लेव के रहने वाले प्रेम बंसल भी जब यहां पहुंचे तो उनके ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इस दर्दनाक हादसे में बेटी-दामाद समेत उनके परिवार के 8 लोगों की मौत हो गई। प्रेम बंसल के दामाद विवेक अग्रवाल गुरुग्राम के सेक्टर-46 के निवासी थे। विवेक अग्रवाल सेक्टर-46 के मकान नंबर 3169 में परिवार के साथ रहते थे। पेशे से वह सीए थे। इस मकान के ग्राउंड फ्लोर पर विवेक अग्रवाल अपनी पत्नी तर्जनी, मां प्रेमलता, पिता राधेश्याम अग्रवाल, बेटी जीविशा और वारिया के साथ रहते थे। विवेक के पिता राधेश्याम की इलाज के लिए उन्हें दिल्ली के मैक्स अस्पताल में एडमिट किया गया था। बुधवार को विवेक के मौंसा-मौसी पिता से मिलने के लिए दिल्ली आए थे। उसके बाद विवेक सुबह साढ़े आठ बजे सभी को लेकर रेस्टोरेंट में नाश्ता करने के लिए गए थे, जहां सभी काल के गाल में समा गए।
पीएम मोदी और सीएम ने जताया दुख, मुआवजे का एलान
दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने की घटना में लोगों की जान जाना बेहद दुखद है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। PMNRF की ओर से, प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे। वहीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, मालवीय नगर में भीषण आग की घटना में हुई जान-माल की भारी क्षति से मैं अत्यंत दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की और इस हृदयविदारक त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों को शक्ति व साहस मिलने की प्रार्थना करती हूं।











