महायुति ने मनाया विजय उत्सव
चंद्रपुर-वर्धा-गढ़चिरोली विधान परिषद चुनाव
लोकवाहिनी, संवाददाता
चंद्रपुर। चंद्रपुर-वर्धा-गढ़चिरोली स्थानीय स्वराज्य संस्था विधान परिषद चुनाव 2026 में भारतीय जनता पार्टी एवं महायुति के अधिकृत उम्मीदवार अरुण लखानी के निर्विरोध निर्वाचित होने पर महायुति कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने हर्षोल्लास के साथ विजय उत्सव मनाया।
इस अवसर पर महायुति नेताओं ने कहा कि यह जीत केवल एक उम्मीदवार की जीत नहीं, बल्कि महायुति की विचारधारा, विकासोन्मुख राजनीति और जनता के विश्वास की जीत है। चंद्रपुर, वर्धा और गढ़चिरोली जिलों की स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों, महायुति के सभी घटक दलों तथा कार्यकर्ताओं की एकजुटता और संगठनात्मक शक्ति के कारण यह ऐतिहासिक सफलता संभव हुई है।
नेताओं ने कहा कि इस विजय के पीछे जनप्रतिनिधियों, जिलाध्यक्षकों, पदाधिकारियों, नगरसेवकों, पंचायत समिति सदस्यों, जिला परिषद सदस्यों, सरपंचों और कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। सभी के सामूहिक प्रयासों और नेतृत्व पर विश्वास के कारण महायुति को यह सफलता प्राप्त हुई है।
महायुति की ओर से इस अवसर पर सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही विश्वास जताया गया कि इसी एकजुटता और सहयोग के बल पर क्षेत्र में विकास और जनसेवा की गति आगे भी निरंतर जारी रहेगी। अरुण लखानी को उनके आगामी राजनीतिक और सामाजिक जीवन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कार्यकर्ताओं ने महायुति और भाजपा के समर्थन में नारे लगाए तथा विजय का उत्सव मनाया।











