प्रशिक्षण या राजनीति? बहस जारी
नागपुर महानगरपालिका के नगरसेवकों के गोवा अध्ययन दौरे को लेकर शुरू हुई राजनीतिक बहस अब और तेज हो गई है। कांग्रेस की ओर से नगरसेवकों की कथित खरीद-फरोख्त और गोवा दौरे पर सवाल उठाए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है।
भाजपा नेताओं का कहना है कि यह दौरा किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि नगरसेवकों के प्रशिक्षण और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की जानकारी के लिए आयोजित अध्ययन वर्ग का हिस्सा है। पार्टी के अनुसार, यह कार्यक्रम पिछले तीन महीनों से नियोजित था और इसकी तैयारी पहले से ही चल रही थी। भाजपा ने स्पष्ट किया कि नगरसेवकों को महानगरपालिका की कार्यप्रणाली, वित्तीय व्यवस्थाओं, प्रशासनिक प्रक्रियाओं और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों की जानकारी देने के लिए यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया है।
भाजपा ने कांग्रेस नेता अतुल लोंढे द्वारा लगाए गए नगरसेवकों की खरीद-फरोख्त के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि पार्टी केवल विकास की राजनीति में विश्वास रखती है। भाजपा नेताओं का दावा है कि नगरसेवकों के गोवा दौरे का खर्च स्वयं नगरसेवक वहन कर रहे हैं और इसमें किसी प्रकार की अनुचित आर्थिक व्यवस्था नहीं की गई है।
साथ ही भाजपा ने कांग्रेस पर ही आंतरिक मतभेद और गुटबाजी का आरोप लगाया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि कांग्रेस के अलग-अलग नेताओं के विरोधाभासी बयान उनकी अंदरूनी स्थिति को उजागर करते हैं।
फिलहाल गोवा अध्ययन वर्ग को लेकर राजनीतिक बयानबाजी जारी है, जबकि भाजपा का कहना है कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्वशासन संस्थाओं के कामकाज को बेहतर ढंग से समझना और जनप्रतिनिधियों की कार्यक्षमता बढ़ाना है।











