पाकिस्तान ने बुधवार को दावा किया कि उसने अफगानिस्तान की सीमा के भीतर मौजूद आतंकी ठिकानों पर रातभर एयरस्ट्राइक की। इस कार्रवाई में 26 आतंकियों के मारे जाने का दावा किया गया है। दूसरी तरफ अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर आम नागरिकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया है। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच लंबे समय से सुलग रहा सीमा विवाद गरमा गया है।
पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने बताया कि पाकिस्तान में हाल के दिनों में हुई आतंकी घटनाओं के बाद सरकारी सूत्रों ने कार्रवाई का फैसला लिया। पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा क्षेत्र में सक्रिय फितना अल खवारिज से जुड़े आतंकियों के ठिकानों को चुनकर निशाना बनाया गया। पाकिस्तान प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान को फितना अल खवारिज कहता है।
अताउल्लाह तरार ने कहा कि ऑपरेशन पूरी तरह खुफिया जानकारी के आधार पर चलाया गया। इसमें 26 आतंकी मारे गए हैं। लेकिन इन हमलों के बाद काबुल ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तानी सेना ने आम नागरिकों को निशाना बनाकर हमला किया है।













