पीएम मोदी ने युवाओं के खाते में डाले 2,400 करोड़ रुपये
लोकवाहिनी, संवाददाता:नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार, 19 जून को PM-विकसित भारत रोजगार योजना के तहत युवाओं के खाते में करीब 2,400 करोड़ रुपये डाले हैं। प्रधानमंत्री ने ये राशि उन युवाओं के खाते में डाली है, जिनकी पहली बार नौकरी लगी है और नौकरी पर जाते हुए करीब छह महीने का ही समय हुआ है।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस योजना के तहत सीधे युवाओं के खाते में राशि भेजी है। पीएम मोदी ने इस मौके पर बताया, ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत अब तक लगभग 70 लाख नौकरियां पैदा की गई हैं। पहली बार कर्मचारियों को सोशल सिक्योरिटी का सुरक्षा कवच भी दिया गया है।’
पीएम ने आगे बताया, ‘करीब 20 लाख युवाओं ने अपनी नई नौकरियों में छह महीने पूरे कर लिए हैं और इनमें से 10 लाख युवाओं को इस योजना के लाभार्थी के तौर पर इंसेंटिव मिला है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 2 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे उनके खाते तक पहुंच चुकी है। ये राशि सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं है, ये उनके परिश्रम को सम्मान है, ये उनके उज्ज्वल भविष्य पर देश के विश्वास की अभिव्यक्ति है।’
पीएम मोदी ने कहा, ‘दुनिया भविष्य की अर्थव्यवस्था के लिए तैयार हो रही है और भारत भविष्य की अर्थव्यवस्था का नेतृत्व करने की तैयारी कर रहा है। दुनिया फ्यूचर टेक्नोलॉजी की ओर आगे बढ़ रही है और भारत अपने युवाओं को फ्यूचर रेडी बनाने में जुटा है।’











