ओबीसी एकजुटता और किसानों के लिए मंडल यात्रा
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। विजय वडेट्टीवार ने बताया कि राज्य में ओबीसी समाज को उनके हक दिलाने और एकजुट करने के लिए मंडल यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह यात्रा 3 से 9 अगस्त तक निकाली जाएगी। उन्होंने इस यात्रा में शामिल होने के लिए राज्य के सभी ओबीसी संगठनों को आमंत्रित किया है। वडेट्टीवार ने कहा कि हर साल हमारे अन्नदाता किसानों की हालत बदतर होती जा रही है। इस समय भी किसान भारी चिंता में हैं, इसलिए किसानों के ज्वलंत सवालों और ओबीसी समाज की एकजुटता के मुख्य उद्देश्य के साथ इस यात्रा को निकालने का फैसला लिया गया है। महाराष्ट्र विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय वडेट्टीवार ने नागपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य की महायुति सरकार पर तीखा हमला बोला है। वडेट्टीवार ने किसानों की बदहाली, लाडली बहन योजना में कटौती, एसआरए घोटाले और भाजपा की अंदरूनी कलह समेत कई गंभीर मुद्दों पर सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने घोषणा की कि वे जल्द ही ओबीसी समाज की एकजुटता और किसानों के हक के लिए मंडल यात्रा निकालने जा रहे हैं।
सरकार की महत्वाकांक्षी लाडली बहन योजना पर बड़ा आरोप लगाते हुए वडेट्टीवार ने कहा कि सरकार ने चुपके से करीब 92 लाख लाडली बहनों के नाम सूची से हटा दिए हैं। उन्होंने तंज कसा कि अब इस सरकार की आर्थिक हैसियत नहीं रह गई है। जब चुनाव थे, तब इस योजना में कोई नियम और शर्तें नहीं थीं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही महिलाओं को बाहर करने के लिए नई-नई शर्तें थोपी जा रही हैं। जब ये नेता दोबारा वोट मांगने गांवों में जाएंगे, तो वहां की महिलाएं इनसे सवाल पूछेंगी। चूंकि अभी तुरंत कोई चुनाव नहीं है, इसलिए सरकार अहंकार और मस्ती में काम कर रही है। स्लम रिहैबिलिटेशन अथॉरिटी (SRA) में बड़े भ्रष्टाचार का दावा करते हुए विजय वडेट्टीवार ने कहा कि अगर निष्पक्ष जांच की जाए, तो अकेले मुंबई में 4 से 5 लाख करोड़ रुपये का एसआरए घोटाला सामने आएगा। वहीं, पुणे में भी करीब साढ़े पांच हजार करोड़ रुपये का घोटाला उजागर हुआ है। पुणे में जहां झुग्गी-झोपड़ियां (स्लम) थीं ही नहीं, वहां भी कागजों पर झोपड़पट्टियां दिखाकर बड़ा खेल किया गया है। सत्ताधारी नेता अपने पद का दुरुपयोग कर अवैध तरीके से भारी पैसा कमा रहे हैं।











