परिवहन विभाग की सभा आज, 9 प्रस्ताव चर्चा के लिए एजेंडा में शामिल
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। महानगरपालिका परिवहन समिति की सभा 14 जुलाई मंगलवार की शाम 4 बजे आयोजन किया गया है। सभा के लिए 9 प्रस्तावों को चर्चा कर मंजूर करने के लिए एजेंडा में शामिल किया गया है। रक्षाबंधन पर 28 अगस्त शुक्रवार को शहर बस सेवा को सभी महिलाओं और उनके साथ 10 साल तक की आयु के बच्चों को निशुल्क यात्रा सुविधा देकर तोहफा देने का प्रस्ताव रखा गया है। परिवहन समिति की करीब 3 माह बाद होनेवाली सभा में खासा हंगामा होने की संभावना है। सभा में प्रमुख रूप से मनपा से नुकसान भरपाई के रूप में मिलनेवाली 160 करोड़ रुपए की निधि, टिकट वसूली की राशि समेत अन्य आर्थिक प्रस्तावों को मंजूर करने का समावेश है। इसके अलावा एआई आधारित स्वचालित यात्री संख्या गणना सिस्टम के क्रियान्वयन के लिए सलाहकार एजेंसी नियुक्त करने, 195 डीजल मिडी और मिनी बसों को सीएनजी में रूपांतरित करने, शहर में 242 बस स्थानों की संख्या को बढ़ाकर बगैर किराया राजस्व योजना के तहत पीपीपी मॉडल में स्थापित करने, महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण की मांग पर 7 रूट पर 91 नई बस सेवा आरंभ करने के अलावा अन्य प्रस्ताव शामिल हैं। शहर भर के बस स्थानों पर परिवहन विभाग के 1650 फलक लगाने के लिए ठेका एजेंसी अमर इंटरप्राइजेस के प्रस्ताव को मंजूर करने का समावेश है।












