शिवाजी पार्क से जुड़े स्थानीय मुद्दों पर चर्चा : मनसे
लोकवाहिनी, संवाददाता
मुंबई। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे ने बुधवार को मुंबई में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से उनके सरकारी आवास ‘वर्षा’ पर मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। हालांकि, मनसे की ओर से बताया गया कि बैठक में मुख्य रूप से शिवाजी पार्क से जुड़े स्थानीय मुद्दों और मुंबई-गोवा हाईवे की खराब हालत पर चर्चा हुई। मनसे के एक पदाधिकारी के मुताबिक, राज ठाकरे के निवास क्षेत्र मध्य मुंबई के शिवाजी पार्क से जुड़े कुछ मुद्दों पर मुख्यमंत्री के साथ बातचीत हुई। इसके अलावा मुंबई-गोवा हाईवे का काम लंबे समय से पूरा नहीं होने और इसकी खराब हालत को लेकर भी मुख्यमंत्री के सामने बात रखी गई।
सुबह ‘वर्षा’ में मुख्यमंत्री फडणवीस और राज ठाकरे की मुलाकात के बाद मनसे नेता संदीप देशपांडे ने पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि ठाकरे ने मुंबई-गोवा हाईवे पर नागोठाणे पुल की खराब हालत का मुद्दा भी मुख्यमंत्री के सामने उठाते हुए कहा कि गणेश उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में मुंबई और आसपास के इलाकों से लोग कोंकण स्थित अपने पैतृक गांवों की ओर जाते हैं। ऐसे में त्योहार से पहले हाईवे और पुल की स्थिति दुरुस्त करना बेहद जरूरी है, ताकि लोगों को सफर के दौरान परेशानी न हो। इस मुलाकात से ठीक पहले राज ठाकरे ने नासिक की सड़कों पर बने गड्ढों को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने नासिक की खराब सड़कों को लेकर तीखी नाराजगी जताई थी। खास बात यह है कि अगले साल नासिक में कुंभ मेले का आयोजन होना है। ऐसे में शहर की सड़कों की बदहाली को लेकर ठाकरे ने राज्य सरकार के साथ-साथ भाजपा के नेतृत्व वाली नासिक नगर निगम की भी आलोचना की थी।
संजय राउत ने ली चुटकी
इस बीच दोनों नेताओं की मुलाकात पर जब पत्रकारों ने विपक्षी दल शिवसेना (उबाठा) के नेता संजय राउत से सवाल किया तो उन्होंने इस मुलाकात पर चुटकी ली। उन्होंने कहा कि ठाकरे मुख्यमंत्री से राज्य से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा करने गए होंगे। उन्होंने कहा कि वे निश्चित रूप से राज्य से जुड़े मुद्दों, खासकर मुंबई-गोवा हाईवे और नासिक में सड़कों पर बने गड्ढों के बारे में बात करने गए होंगे। जब संजय राउत से पूछा गया कि क्या राज ठाकरे और फडणवीस की इस मुलाकात के पीछे कोई राजनीतिक एजेंडा था, तो उन्होंने अपने अंदाज में जवाब दिया। राज्यसभा सांसद ने चुटकी लेते हुए कहा, वे (ठाकरे) शायद फडणवीस को विदाई देने गए होंगे क्योंकि वे शिक्षा मंत्री के तौर पर दिल्ली जा रहे हैं। हालांकि, देवेंद्र फडणवीस ने हाल ही में राष्ट्रीय राजनीति में जाने की अटकलों को खारिज कर दिया था। ऐसे में राउत की यह टिप्पणी राजनीतिक हल्कों में चर्चा का विषय बन गई है।












