मुख्यमंत्री फडणवीस का निर्देश, 3 माह में करे लोकार्पण
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। नागपुर स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज परिसर में लंबित परियोजनाओं की समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सुपर स्पेशियलिटी दंत चिकित्सा एवं अनुसंधान केंद्र के शेष कार्यों को तत्काल पूरा करने और अगले तीन महीनों के भीतर इसे जनता को समर्पित करने का निर्देश दिया है। अत्याधुनिक तकनीक और विभिन्न सुपर स्पेशियलिटी दंत चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित यह केंद्र विदर्भ और मध्य भारत के दंत रोगियों को व्यापक रूप से लाभान्वित करेगा और दंत चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान को एक नई दिशा प्रदान करेगा। नागपुर स्थित सरकारी दंत चिकित्सालय एवं अस्पताल, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान निदेशालय के तत्वावधान में 1968 से कार्यरत है। विदर्भ एवं मध्य भारत से बड़ी संख्या में दंत रोगी उपचार हेतु इस संस्थान में आते हैं। प्रतिदिन कम से कम 500 मरीज इस संस्थान की स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाते हैं। इस महत्वपूर्ण संस्थान में अति-विशेषज्ञतापूर्ण चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने की अवधारणा के साथ यह केंद्र स्थापित किया जा रहा है।













