नागपुर। शहर में कथित वसूली करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ पुलिस आयुक्त ने सख्त रुख अपनाया है। इसी कार्रवाई के तहत यातायात विभाग के 16 पुलिसकर्मियों का आनन-फआनन में तबादला कर उन्हें पुलिस मुख्यालय भेज दिया गया है। इससे पहले भी जरीपटका और पांचपावली पुलिस থানों के निरीक्षकों का अचानक तबादला किया गया था। जानकारी के अनुसार, शहर के विभिन्न विभागों में तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा कथित तौर पर वसूली किए जाने की शिकायतें पुलिस उपायुक्त आदित्य मिरखेलकर को प्राप्त हुई थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त ने जांच समिति गठित की थी। जांच के बाद संबंधित पुलिसकर्मियों के तबादले का प्रस्ताव पुलिस आयुक्त को भेजा गया। इसके बाद 16 पुलिसकर्मियों को यातायात विभाग से हटाकर मुख्यालय भेजने की कार्रवाई की गई। पुलिस विभाग में कथित वसूली के मामलों को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों की इस सख्ती से विभाग में हलचल मची हुई है। पुलिस आयुक्त की ओर से ऐसे पुलिसकर्मियों के खिलाफ अभियान चलाए जाने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस निरीक्षक सतीश आडे की साइबर सेल में नियुक्ति
इधर, कपिलनगर पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक सतीश आडे का भी तबादला साइबर पुलिस थाने के दक्षिण विभाग में किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आडे ने स्वयं पुलिस आयुक्त के समक्ष इस विभाग में नियुक्ति की इच्छा व्यक्त की थी। इसके बाद उनका तबादला किया गया। उनकी जगह पर अजीत राठौड़ को कपिल नगर थाने का जिम्मा सौंपा गया है जो कि हाल ही में ट्रांसफर हो कर अमरावती ग्रामीण से नागपुर शहर में आए हैं।















