कामठी में फिल्मी अंदाज में पीछा कर दबोचा
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। कामठी पुलिस के मादक पदार्थ विरोधी पथक ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर मादक पदार्थ तस्करी के मामले में वांछित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गुरुवार तड़के करीब 5:40 बजे ड्रैगन पैलेस टेम्पल मार्ग पर रेलवे अंडरपास के पास पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश में आरोपियों की टाटा हैरियर कार मेट्रो रेल निर्माण कार्य के बैरिकेड से टकराकर पलट गई। इसके बाद पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवीन कामठी के मादक पदार्थ विरोधी पथक के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नितिन राठोड को गुप्त सूचना मिली थी कि एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मादक पदार्थ तस्करी के मामले में वांछित आरोपी मोहम्मद शारीक मोहम्मद रजीक (33), निवासी वांजरा ले-आउट, पोली नदी अपने दो साथियों के साथ टाटा हैरियर कार क्र. एचएच-48-सीसी-1414 से यशोधरा नगर क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तड़के करीब 5 बजे से निगरानी शुरू की। कुछ समय बाद तीनों आरोपी कार से घोरपड़ मार्ग होते हुए यशोधरा नगर से कन्हान की ओर जा रहे थे। ड्रैगन पैलेस टेम्पल मार्ग पर पुलिस ने कार रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक मोहम्मद शारीक ने वाहन रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और कामठी की दिशा में भागने लगा।
पुलिस से बचकर भागने के दौरान चालक का कार से नियंत्रण छूट गया। तेज रफ्तार कार मेट्रो रेल निर्माण स्थल पर लगाए गए बैरिकेड से टकराकर पलट गई। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने वाहन को सीधा कर उसमें सवार तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। इनमें मोहम्मद शारीक मोहम्मद रजीक (33), अब्दुल करीम मोहम्मद मुकीम (30), निवासी हमीद नगर, पोली नदी और गुलाम यशदानी मोहम्मद रशीद अंसारी (26), निवासी फारुख नगर, टेका नाका शामिल है। इस संबंध में नवीन कामठी थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया गया है।












