कार को ओवरटेक करने के प्रयास में दर्दनाक हादसा
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। गिट्टिखदान थाना क्षेत्र में गोरेवाड़ा जू के प्रवेश द्वार के पास गुरुवार शाम हुए सड़क हादसे में 19 वर्षीय बीटेक छात्र युवराज राजेंद्र मोहाडीकर की मौत हो गई, जबकि उसका सहपाठी आशीष पटेल घायल हो गया। बताया जा रहा है कि कार को ओवरटेक करने के प्रयास में मोपेड का संतुलन बिगड़ गया, जिससे दोनों छात्र सड़क पर गिर पड़े। हादसे में युवराज के सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी जान चली गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक युवराज मोहाडीकर दहेगांव का निवासी था और गुरुनानक इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में बी.टेक की पढ़ाई कर रहा था। गुरुवार शाम करीब 4:15 बजे वह अपने सहपाठी जरीपटका निवासी आशीष पटेल (19) के साथ मोपेड क्र. एमएच-49-एवी-8459 से कॉलेज से घर लौट रहा था। इसी दौरान गोरेवाड़ा जू के गेट के पास एक कार को ओवरटेक करने के प्रयास में मोपेड का संतुलन बिगड़ने की बात सामने आई है। अचानक ब्रेक लगने से दोनों छात्र सड़क पर गिर गए। इस हादसे में युवराज के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि आशीष भी घायल हो गया। युवराज की मौके पर ही मौत हो गई। घायल आशीष को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का पंचनामा कर युवराज के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। मामले की जांच जारी है।











