एकनाथ शिंदे ने की जमकर तारीफ, विपक्ष पर साधा निशाना
लोकवाहिनी, संवाददाता
पुणे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को दो दिवसीय पुणे दौरे पर पहुंचे हैं। इस दौरे के दौरान अमित शाह ने पुणे के मुंढवा इलाके में स्थित भारत फोर्ज लिमिटेड का दौरा किया। इसके अलावा वे मल्टीस्टेट कोऑपरेटिव सोसायटी के भूमिपूजन समारोह में भी शामिल हुए। इस कार्यक्रम में बोलते हुए राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अमित शाह के कामकाज की जमकर सराहना की और विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। एकनाथ शिंदे ने कहा, तλεगांव की धरती उद्योगों को नई ऊर्जा देने वाली है। यह महाराष्ट्र के लिए गर्व की बात है कि कंपनी दोबारा शुरू हो रही है। यहां हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा। सहकारिता क्षेत्र को पिछली सरकारों ने बदहाल कर दिया था, लेकिन अमित शाह ने डिलीट बटन दबाकर इसे फिर से व्यवस्थित किया है।
उन्होंने सहकारिता क्षेत्र को मजबूत बनाया है। असंभव को संभव बनाने वाले अमित शाह को मेरा नमन है। उन्होंने आगे कहा कि विपक्ष को मोदी और शाह के नाम से फोबिया हो गया है। उनके मन में बेचैनी और जलन है। मोदी और शाह ने देश से नक्सलवाद को खत्म किया है। पिछली सरकार भ्रष्ट थी, इसलिए कारखाने बंद हो गए थे। वर्ष 2014 के बाद बंद पड़े कारखाने फिर से शुरू हुए हैं। महाराष्ट्र देश का ग्रोथ इंजन है। बंद पड़े कारखानों को दोबारा शुरू करना समय की जरूरत है। महाराष्ट्र की प्रगति के लिए अमित शाह हमेशा सहयोग का हाथ आगे बढ़ाते हैं। एकनाथ शिंदे ने कहा कि राज्य के लिए इस प्लांट का शुरू होना गर्व की बात है। इसके लिए वे अमित शाह का आभार व्यक्त करते हैं। ऐसे प्रोजेक्ट्स के लिए अमित शाह हमेशा सहयोग करते हैं। उनके सहकारिता मंत्री बनने के बाद इस क्षेत्र में एक नई शुरुआत हुई है। उनकी दूरदृष्टि ने देश और सहकारिता क्षेत्र को नई दिशा दी है। सहकारिता क्षेत्र में व्यापक बदलाव हो रहे हैं।
शाह के पुणे दौरे के दौरान हमारे कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया : कांग्रेस
पुणे। कांग्रेस की पुणे इकाई ने रविवार को आरोप लगाया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शहर के दो दिवसीय दौरे के दौरान उसके कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया था। विपक्षी पार्टी ने इस घटनाक्रम को लेकर पुणे पुलिस की आलोचना की और चेतावनी दी कि उसके कार्यकर्ता काले झंडे दिखाकर विशेष प्रदर्शन करेंगे। कांग्रेस की पुणे इकाई के अध्यक्ष प्रशांत जगताप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो संदेश में आरोप लगाया कि जब भी शाह पुणे आते हैं, तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उनके घरों से हिरासत में ले लिया जाता है, जबकि पार्टी ने किसी भी तरह के आंदोलन की घोषणा नहीं की थी। उन्होंने इस कथित कार्रवाई की निंदा की और दावा किया कि विपक्षी कार्यकर्ताओं के साथ किया गया बर्ताव एक तानाशाही रवैये को दर्शाता है।
जगताप ने टिप्पणी की, अगर उन्होंने (शाह ने) कोई गलत काम नहीं किया है या देश के खिलाफ कोई कदम नहीं उठाया है, तो वे विपक्ष से क्यों डर रहे हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ महीनों में, जब भी शाह पुणे आए, पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। जगताप ने सवाल किया कि शहर की पुलिस को इस तरह के कदम उठाने के निर्देश कौन दे रहा था। जगताप ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय गृह मंत्री को भारी पुलिस सुरक्षा के बीच पुणे का दौरा करना रही है। उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी और उसके नेताओं के लिए शर्मनाक स्थिति है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने का सिलसिला जारी रहा, तो वरिष्ठ भाजपा नेताओं के दौरों के दौरान पार्टी (कांग्रेस) अपने विरोध-प्रदर्शनों को और तेज कर देंगे।















