बकरियों का शिकार होने से किसानों में चिंता; वन विभाग ने बढ़ाई गश्त, जगह-जगह लगाए ट्रैप कैमरे
लोकवाहिनी, संवाददाता
नागपुर। जिले के उत्तर उमरेड क्षेत्र में इन दिनों बाघों की गतिविधियां बढ़ने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बेलसाखरा, हेवती, मकरधोकड़ा, उकड़वाड़ी, कोटगांव, दहगांव, खापरी, पांचगांव, सुरगांव और साल्दमेंढा सहित कई गांवों के आसपास बाघों की मौजूदगी की आशंका जताई जा रही है। स्थिति यह है कि शाम होते ही ग्रामीण घरों में रहने को मजबूर हैं। खेतों में काम करने वाले किसानों और मवेशियों को चराने जाने वाले पशुपालकों की चिंता भी बढ़ गई है। वन विभाग के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, उत्तर उमरेड के कोल माइल सहित अलग-अलग क्षेत्रों में पांच से अधिक बाघों की मौजूदगी होने की आशंका है। ये बाघ कभी खेतों के आसपास दिखाई देते हैं तो कभी जंगल से सटे इलाकों में उनकी गतिविधियां नजर आती हैं। पिछले कुछ दिनों से गांवों के आसपास बकरियां मृत अवस्था में मिलने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।
खेतों में अकेले जाने से डर रहे किसान
बाघों की बढ़ती गतिविधियों के कारण ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। किसानों को खेतों में अकेले जाने में डर लग रहा है। सुबह और शाम मवेशियों को चराने के लिए ग्रामीण अब समूह में निकल रहे हैं। बच्चों को अकेले स्कूल भेजने में भी अभिभावक असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांवों के आसपास बाघों की मौजूदगी के कारण हर समय सतर्क रहना पड़ रहा है। विशेष रूप से शाम ढलने के बाद लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं।
ताडोबा से करंदला और बोर की ओर बढ़ रहे बाघ
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, उत्तर उमरेड के ये गांव ताडोबा-उमरेड-पवनी-करंदला-बोर टाइगर कॉरिडोर के अंतर्गत आते हैं। ताडोबा में बाघों की संख्या बढ़कर 89 होने के कारण नए बाघ अपना क्षेत्र तलाशते हुए करंदला और बोर की दिशा में बढ़ रहे हैं। वन्यजीवों के आवागमन के लिए इस क्षेत्र में प्राकृतिक गलियारा उपलब्ध है। इससे बाघों की आवाजाही अलग-अलग वन क्षेत्रों के बीच बनी रहती है। इससे पहले उमरेड-करंदला से पेंच तक करीब 150 किलोमीटर की दूरी तय कर एक बाघ के पहुंचने का मामला भी सामने आ चुका है।
बाघों की गतिविधियों पर नजर रखने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्त की जा रही है। इसके अलावा अलग-अलग जगहों पर ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं, ताकि बाघों की आवाजाही और उनकी संख्या से संबंधित जानकारी जुटाई जा सके। वन विभाग की टीम जंगल और गांवों के आसपास मिले पगमारों की भी जांच कर रही है। इसके माध्यम से बाघों की गतिविधि और उनके संभावित आवागमन के रास्तों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील वन विभाग ने ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग की ओर से अपील की गई है कि रात के समय अकेले जंगल या खेतों की ओर न जाएं। मवेशियों को खुले में न छोड़ें और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रखें। यदि किसी ग्रामीण को बाघ दिखाई देता है तो उसके आसपास भीड़ न लगाएं और न ही उसका पीछा करने का प्रयास करें। बाघ की मौजूदगी की सूचना तत्काल वन विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
कई गांवों के आसपास बाघों की मौजूदगी
उत्तर उमरेड (प्रादेशिक) के सहायक वन संरक्षक (ACF) मनोज धनविजय ने बताया कि क्षेत्र के कई स्थानों पर बाघों की मौजूदगी सामने आई है। इसे देखते हुए प्रभावित गांवों के आसपास नियमित गश्त की जा रही है और ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कुही क्षेत्र में भी मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं सामने आ रही हैं। संबंधित गांवों के आसपास पांच से अधिक बाघों की मौजूदगी की आशंका है। वन विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।















